कहीं रक्तदान शिविर लगा तो कहीं समारोह
भास्कर न्यूज - पटना
नेताजी सुभाषचंद्र बोस की ११७ वीं जयंती गुरुवार को राजधानी में धूमधाम से मनी। राजनीतिक पार्टियों व सामाजिक संगठनों ने जयंती मनायी और उन्हें श्रद्धांजलि दी। भाजयुमो बिहार प्रदेश ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में रक्तदान शिविर लगाया। इसका उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने किया। इस मौके पर मोर्चा के कार्यकर्ता मनीष पांडेय, अमितेश कुमार, विशभ भारद्वाज, राजेश जैन आदि उपस्थित थे। बिहार प्रदेश युवा जनता दल ((यू)) के प्रदेश कार्यालय में बोस की जयंती देश प्रेम के रूप में मनायी गयी। इस अवसर पर युवा जद ((यू)) के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कुमार, प्रदेश महासचिव नीलमणि कुमार आदि उपस्थित थे।
राजद कार्यालय में नेताजी की जयंती मनायी गयी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने कहा कि उनके योगदान का भारत ऋणी है। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री इलियास हुसैन, प्रधान महासचिव सह सांसद रामकृपाल यादव, विधान परिषद में नेता राजद प्रो गुलाम गौस आदि उपस्थित थे। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व संगठन सचिव अजय कुमार की अध्यक्षता में जयंती पटेल नगर में मनायी गयी। उन्होंने कहा कि उनके योगदानों को हमेशा याद रखा जाएगा। इस मौके पर हिमांशु कुंवर, विपिन चौधरी, अरुण पाठक, ललित सिंह आदि उपस्थित थे। छात्र समागम के प्रदेश उपाध्यक्ष मनौवर आलम की अध्यक्षता में कॉलेज ऑफ कॉमर्स में जयंती मनायी गई।
माल्यार्पण किया
बख्तियारपुर - नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर प्रखण्ड में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित हुए। पंडित शीलभद्र याजी मेमोरियल संस्थान के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
अंचलों में भी हुए कार्यक्रम
बाढ़ - नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 117 वीं जयंती प्रदेश भर में धूमधाम से मनाई गई। बाढ़, बिहटा, मनेर, पालीगंज, फुलवारीशरीफ, पालीगंज, मोकामा, बिहटा, खुसरूपुर सहित कई अंचलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित की गई। बाढ़ के अनुग्रह नारायण सिंह कॉलेज में संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया।
योगदान को भुलाया नहीं जा सकता
पटना - देश आजादी की लड़ाई में नेताजी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने गुरुवार को आजाद हिन्द फौज के संस्थापक और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 117 वीं जयंती की अध्यक्षता करते हुए कहीं। प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में सुनीता देवी, सुबोध कुमार, प्रेम चन्द्र मिश्रा, ब्रजेश पाण्डेय, कौकब कादरी, प्रवीण सिंह कुशवाहा, संजय सिन्हा आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्कूलों में भी मनाई गई जयंती
पटना सिटी - नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती गुरुवार को अनुमंडल की कई संस्थाओं और स्कूलों में मनाई गई। गुरु गोविंद सिंह पथ स्थित नेताजी के स्मारक पर पहले ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की ओर से माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में वकील ठाकुर, देवरतन प्रसाद, नारायण सिंह आदि मौजूद थे। भाजपा क्रीड़ा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव यादव के नेतृत्व में नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। आयोजन में नवल किशोर सिन्हा, रामनाथ सुमन, अमित कानोडिया, सरोज जायसवाल, अवधेश सिन्हा, जयकृष्ण प्रसाद चंद्रवंशी आदि मौजूद थे।
इन्होंने भी दी श्रद्धांजलि
पटना सिटी के मंगल तालाब स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नारा लगाते लोग।
नेताजी की ११७ वीं जयंती - सुभाषचंद्र बोस को याद कर दी श्रद्धांजलि, छात्रों से लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया याद