- Hindi News
- श्रमदान कर एनएच 30 की ग्रामीणों ने की मरम्मत
श्रमदान कर एनएच-30 की ग्रामीणों ने की मरम्मत
मनेर - दिल्ली और पटना को जोडऩे वाली जर्जर हो चुकी एनएच-30 को ग्रामीणों ने श्रमदान से मरम्मत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने गुरुवार ब्यापुर में कुदाल, कड़ाही लेकर सड़क पर उतर आए।
उन्होंने ईंट व मिट्टी से सड़क की भराई शुरू कर दी। इस दौरान ग्रामीण सरकार व विभाग के अधिकारियों को कोसते रहे। ग्रामीणों ने कहा कि अगर विधायक व सांसद इस राजमार्ग पर ध्यान देते तो स्थिति ऐसी नहीं होती। इस राजमार्ग से केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद सहित अनेक आला अधिकारी कई बार गुजर चुके हैं। लेकिन किसी ने भी इस सड़क को मरम्मत नहीं कराया। उनका कहना था कि आए दिन दुर्घटना से लोगों की मौत हो रही है। बार-बार प्रशासन से कहने के बाद भी कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीण अरुण आर्य, विजय सिंह, संजीव त्यागी, रौशन आर्य, सुनील गुप्ता, चंदन यादव, रामेश्वर साव, इन्द्रदेव प्रसाद, अरविंद्र ने कहा कि अगर सरकार व प्रशासन कुछ नहीं कर सकती है तो हमें ही पहल करनी होगी।