कॉलेज की जमीन पर जमे हैं अतिक्रमणकारी
भास्कर न्यूज - पटना सिटी
राजकीय महिला कॉलेज, गुलजारबाग की गायघाट के पास की जमीन से अतिक्रमणकारी नहीं हट रहे हैं। गुरुवार को एसडीओ के आदेश पर एसडीएम कुमार अनिल सिन्हा व विशेष दंडाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह वहां बसे लोगों को तीन दिन की मोहलत देकर लौट गए। फिलवक्त कॉलेज बीएनआर ट्रेनिंग स्कूल परिसर में चल रहा है।
कॉलेज को अपना भवन नहीं है। राज्य सरकार ने कॉलेज के भवन निर्माण के लिए करीब पांच वर्ष पूर्व जमीन तो उपलब्ध करा दी, लेकिन मगर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण निर्माण शुरू नहीं हो सका।
यहां एक मंदिर भी है, जिसका पुजारी जमीन का दावा करता है। अनेक झोपडिय़ां भी हैं। अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग व लकडिय़ां रखी गई हैं। गंगा पुल के बने पुराने आवास में अब भी कुछ लोगों का कब्जा है। कॉलेज की जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्राचार्या डॉ. विजया लक्ष्मी सिन्हा ने अनेक पत्र एसडीओ व डीएसपी को भेजा है। जगह की कमी के कारण कई पाठ्यक्रम यहां शुरू नहीं किया जा रहा है।