- Hindi News
- परिवहन विभाग की वसूली पहुंची एक हजार करोड़
परिवहन विभाग की वसूली पहुंची एक हजार करोड़
पटना - सूचना एवं जनसंपर्क और परिवहन मंत्री वृशिण पटेल ने कहा कि परिवहन विभाग को लोग पहले डूबा हुआ मानते थे। लेकिन सरकार के व्यापक दृष्टिकोण तथा अधिकारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है कि विभाग प्रशंसनीय काम कर रहा है और इस पर अब सबका फोकस है। पूर्व में मात्र 250 करोड़ तक सीमित रहने वाला यह विभाग अब 1000 करोड़ की राजस्व उगाही कर रहा है। पटेल गुरुवार को सूचना भवन के ‘संवाद’ कक्ष में विभागीय पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग लोक सेवा के अन्तर्गत 18 सेवाएं प्रदान कर रहा है एवं ससमय सेवाओं को उपलब्ध कराने हेतु कटिबद्ध है। अधिकारियों से अपील है कि इसके लिए अभियान चलाकर कार्रवाई करें। पदाधिकारियों की सेवा को बेहतर बनाने के लिए हमें जरूरत पड़ी तो सरकार स्तर पर और निर्णय लिए जाएंगे। पटेल ने ड्राइविंग लाइसेंस के फॉर्मेट को सुगम बनाने की बात कही ताकि कम पढ़े-लिखे लोग भी इसे अपने स्तर से समझ कर भर सकें। पटेल ने लोक सेवा प्रदान करने में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को सुना और मौके पर ही प्रधान सचिव को निर्देश दिया कि कार्यालय में सुसज्जित परिवहन हेल्प डेस्क जनता की सेवा में संचालित किया जाए। उन्होंने अधिक कम्प्यूटर ऑपरेटरों की सेवा क्षेत्रीय कार्यालयों में सुलभ कराने एवं सभी पदाधिकारियों को सरकारी फोन की सुविधा सहित कार्यालयों में लैंडलाइन फोन की फैसिलिटी दिए जाने की बात भी कही।
इस दौरान प्रधान सचिव आरके महाजन ने कार्यालयों में स्टाफ उपलब्धता के संदर्भ में बेल्ट्रॉन द्वारा डाटा एंट्री ऑपरेटर्स की सेवा तत्काल उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी तथा उनसे कार्यालय के अन्य कार्य भी लिए जाने का निर्देश दिया।