आधा शहर सात घंटे तक बिजली को तरसा
भास्कर न्यूज - पटना
गुरुवार को आधा पटना बिजली-पानी के लिए तरस गया। करीब सात घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। जानकारी के अनुसार, मीठापुर कृषि फर्म के पास १३२ केवीए का तार टूट जाने के कारण करबिगहिया ग्रिड से बिजली सप्लाई प्रभावित हो गया। इससे कंकड़बाग का पूरा इलाका, राजेंद्र नगर, लोहानीपुर, आर्य कुमार रोड, मछुआटोली समेत कई इलाके में दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक बिजली गुल रही।
बिजली नहीं रहने से पानी के लिए लोग सरकारी चापाकल ढूंढ़ते रहे। बिजली बोर्ड के प्रवक्ता हरेराम पांडेय ने बताया कि १३२ केवीए का तार टूटने की सूचना मिलते ही उसे दुरूस्त कराने का काम शुरू कर दिया गया। पेसू के जीएम एसएसपी श्रीवास्तव ने बताया कि तार बुधवार को ही टूटा था।