ठगी से गई जान, भाग गई कंपनी
डीबी स्टार :पटना
मर्चेट नेवी के नाम पर ठगी के खुलासे के बाद ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं। इससे पता चल रहा है कि राजधानी में मर्चेंट नेवी के नाम पर एक नहीं कई दुकानें है। ऐसे ही ठगी की एक दुकान मौर्या मेरिटाइन एकेड़मी का खुलासा हुआ है। हालांकि लूट की यह दुकान एक साल पहले ही बंद हो चुकी है।
बंद होने से पहले इसने कई बिहार समेत आस पास के अन्य प्रदेशों के लड़कों को शिकार बनाया था। ठगी के एक ऐसे ही शिकार युवक ने करीब आठ माह पहले ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। हालांकि यह ठगी की दुकान अब बंद कर दी गई है।
ऐसे की गई थी ठगी
पीडि़त के पिता सी.बी तिवारी ने डीबीस्टार को फोन पर बताया कि उनके बेटे रत्नेश((२१)) से पटना के मौर्या मेरिटाइन एकेड़मी से पढ़ार्ई के नाम पर ठगी की गई थी। पढ़ाई के दो साल बाद नौकरी नहीं मिलने के तनाव में उसने अपनी जान दे दी थी। उन्होने बताया कि वह मूल रुप से उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद का रहने वाला है। बेटे ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई के दौरान इलाहाबाद में ही एकडेमी का फार्म भरा था। एडमिशन के लिए चुने जाने के बाद उसने अप्रैल 2010 से छह माह का कोर्स किया था। फर्जीवाड़े की हद तो यह थी कि कोर्स के बाद उसे नौकरी के लिए मुंबई स्थित एक कंपनी में भी भेज दिया गया था। उसे बताया गया था कि करीब 25 हजार प्रतिमाह वेतन के रुप में मिलेगा। उसे तीन महीने तक मुबंई में ही खड़े एक पोत पर रखा गया। उसके लिए उसे आठ हजार रुपए प्रति महीने दिए गए। उसके बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया। जब कि एकडेमी ने एक लाख रुपए फीस के अतिरिक्त प्लेसमेंट के लिए 50 हजार रुपए लिए थे। तीन महीने की नौकरी के दौरान उसके काम के अतिरिक्त अन्य कार्य के लिए भी विवश किया जाता था। जिसके बाद वह तनाव में रहने लगा था। उसने 11 मई 2013 की रात मध्य प्रदेश के सतना में ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।