- Hindi News
- पीआरडी के अधिकारियों व कर्मियों ने ली शपथ
पीआरडी के अधिकारियों व कर्मियों ने ली शपथ
भास्कर न्यूज - पटना
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक प्रभाकर झा ने पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना भवन स्थित ‘संवाद’ कक्ष में ‘मतदाताओं द्वारा ली जाने वाली शपथ’ दिलाई। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा निर्वाचन में अधिकाधिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को 25 जनवरी ((राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर)) को ‘मतदाताओं द्वारी ली जाने वाली शपथ’ दिलाने का अनुरोध किया गया है। इसी आलोक में मुख्य सचिव ने 25 जनवरी को शनिवारीय अवकाश होने के कारण सचिवालय स्थित सभी विभागों में 24 जनवरी को ही शपथ दिलाए जाने का दिशा-निर्देश जारी किया था। उसी के तहत श्री झा ने विभाग के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई।
यह शपथ दिलाई गई
‘हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।’