- Hindi News
- बदलाव के लिए तैयार बिहार, गठबंधन तय: राबड़ीभ्रम पैदा किया जा रहा है कि सिद्दिकी समेत कुछ नेताओं की
बदलाव के लिए तैयार बिहार, गठबंधन तय: राबड़ीभ्रम पैदा किया जा रहा है कि सिद्दिकी समेत कुछ नेताओं की सीट जा सकती है जिस कारण उनमें नाराज
भास्कर न्यूज - पटना
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार बदलाव के लिए तैयार है। बिहार में राजद के पक्ष में लहर है। ऐसे में सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष धारा के लोगों को गांव से प्रदेश स्तर तक एकजुट होना होगा। इस दिशा में काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि लालू जी दिल्ली में बातचीत कर रहे हैं। गठबंधन करीब तय है, पर भ्रम पैदा किया जा रहा है कि गठबंधन हुआ तो राजद के कुछ नेता अपनी सीट गंवा सकते हैं। इस आशंका के कारण कुछ नेताओं में नाराजगी है। इसमें वरीय नेता अब्दुल बारी सिद्धिकी का भी नाम आ रहा है। कार्यकर्ताओं को इस भ्रम से सावधान रहने की जरूरत है। वे राजद कार्यालय परिसर में शुक्रवार को कर्पूरी ठाकुर की जयंती का उद्घाटन करने के बाद बोल रही थीं। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने की। स्वागत भाषण प्रधान महासचिव रामकृपाल यादव और संचालन आजाद गांधी ने किया।
राजद ही सच्ची विरासत
डॉ. पूर्वे ने कहा की राजद ही जननायक की सच्ची विरासत है। सांसद रामकृपाल यादव ने कहा की जिस तरह लालू प्रसाद ने लालकृष्ण आडवाणी के रथ को रोका था उसी तरह वे मोदी रूपी सांप्रदायिक घोड़े को भी रोकेंगे।
इस मौके पर बिहार बार काउंसिल के सदस्य शशि किशोर शेखर, युवा शक्ति के कुणाल यादव, भाजपा के ललन पासवान, संजय पासवान और विष्णु अग्रवाल कई साथियों के साथ राबड़ी देवी के समक्ष राजद में शामिल हुए। समारोह में रामदेव भंडारी, राजनीति प्रसाद, आलोक मेहता, इलियास हुसैन, विद्या सागर निषाद, मुंद्रिका यादव, रणधीर यादव, रणविजय साहू आदि भी थे।