- Hindi News
- अपर इंडिया का ब्रेकवैन तोड़ सामान गायब किया
अपर इंडिया का ब्रेकवैन तोड़ सामान गायब किया
भास्कर न्यूज टीम - बाढ़ / पटना
दानपुर रेल मंडल के मोकामा-पंडारक रेलखंड के बीच अपराधियों ने अपर इंडिया एक्सप्रेस का ब्रेकवैन तोड़कर हजारों रुपए का सामान गायब कर दिए। घटना ही जानकारी उस समय हुई जब ट्रेन मोकामा पहुंची। ब्रेकवैन तोडऩे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की नींद उड़ गई।
आनन-फानन में पंडारक की स्थानीय पुलिस व मोकामा आरपीएफ की टीम रात ग्यारह बजे मौके पर पहुंची और ब्रेकवैन से गिराए गए कुछ पैकेट को बरामद करने के साथ ही एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। रेल एसपी उपेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस उस संदिग्ध से पूछताछ करने में जुटी है।
सुरक्षा चौकस, लेकिन बदमाश उससे भी तेज : गणतंत्र दिवस को लेकर रेल पुलिस ने सुरक्षा चौकस रहने का दावा किया था, लेकिन इस बीच बदमाशों ने ब्रेकवैन तोड़कर रेल पुलिस के दावों की हवा निकाल दी है। सूत्रों का कहना है कि बदमाश बाढ़ स्टेशन पर जनरल बोगी में चढ़े। उस बोगी के बगल में ब्रेकवैन था। ट्रेन में एस्कार्ट नहीं होने से बदमाशों ने ब्रेकवैन को तोड़ डाला और ट्रेन की रफ्तार कम होने पर बोगी से उतर गए। कहा तो यहां तक जा रहा है कि कुछ पैकेट बदमाश लेकर फरार हो गए। इधर, मोकामा जीआरपी थानेदार का कहना है पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है। गिराए गए माल को स्टेशन लाने की व्यवस्था की जा रही है।
स्थानीय अपराधियों का हाथ : जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है उससे कयास लगाया जा रहा है कि स्थानीय अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्हें पूरी जानकारी होगी ब्रेकवैन में क्या है।
पंडारक व मोकामा स्टेशन के बीच हुई घटना, रेलवे ट्रैक पर मिले कुछ पैकेट, एक हिरासत में