लॉ कॉलेज में विधायक को छात्रों ने घेरा
भास्कर न्यूज - पटना
पटना लॉ कॉलेज में चापाकल का उद्घाटन करने पहुंचे विधायक अरुण कुमार सिन्हा को विद्यार्थियों ने घेर लिया। इन्होंने मूलभूत सुविधाओं के अभाव की ओर ध्यान दिलाते हुए कई मांगें उठाई। विधायक ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। विद्यार्थियों का कहना था कि कॉलेज, विश्वविद्यालय व छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
पीयू छात्रसंघ के अध्यक्ष आशीष सिन्हा ने पटना विवि गेट पर हाइटेक बस पड़ाव बनवाने की मांग से शुरुआत की। फिर क्या था, मांगों की लंबी फेहरिस्त विधायक के सामने रख दी गई। उपाध्यक्ष अंशुमान ने सैदपुर हॉस्टल संख्या एक से सड़क बनवाने की मांग की। छात्रसंघ सचिव अनुप्रिया ने विश्वविद्यालय के सौंदर्यीकरण के लिए जनप्रतिनिधियों की पहल की मांग की। कोषाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने रानी घाट में गेट लगवाने और काउंसलर हिमांशु यादव ने लॉ कॉलेज कैंपस का रोड बनवाने की मांग रखी।
लॉ कॉलेज में हैंडपंप का उद्घाटन करते विधायक अरुण सिन्हा।
प्रशासन से करेंगे बात
विधायक ने लॉ कॉलेज में चापाकल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मौलिक समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। पटना विवि प्रशासन से बातचीत होगी। हमारे स्तर से जो कुछ भी संभव होगा, वह हम करेंगे। फिलहाल पटना लॉ कॉलेज कैंपस का रोड, विश्वविद्यालय गेट पर बस स्टैंड और सैदपुर हॉस्टल की सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर लॉ कॉलेज के प्राचार्य प्रो राकेश वर्मा, पटना कॉलेज के प्राचार्य प्रो रासबिहारी प्रसाद सिंह, प्रो वीरेंद्र गुप्ता, पटना कॉलेज के काउंसलर विजय यादव, छात्र नेता आलोक वत्स, विक्की राय, उज्जवल, आबिद, कौटिल्य, रितेश वर्मा, रोहित, दीपक कुमार, नित्यम मिश्रा आदि उपस्थित थे।
चापाकल का उद्घाटन करने पहुंचे थे अरुण कुमार, छात्रों ने कहा- समस्याओं का नहीं हो रहा समाधान