- Hindi News
- फिरौती का पैसा अंतिम सिंह के खाते में गया
फिरौती का पैसा अंतिम सिंह के खाते में गया
भास्कर न्यूज - पटना
गुजरात के व्यवसायी सोहेल हिंगोरा की फिरौती का पैसा मिर्जापुर के कुख्यात अपहर्ता अंतिम सिंह के खाते में भी ट्रांसफर किया गया है। मिर्जापुर में अंतिम सिंह के घर से बिहार सीआईडी की टीम ने ऐसे कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं, जिससे इसका खुलासा हुआ है। सोहेल के पिता हनीफ हिंगोरा से फिरौती के 9 करोड़ वसूलने के बाद एक मोटी रकम अंतिम सिंह के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। सीआईडी के हाथ इस बात के भी सुराग मिले हैं कि अपहरण में अंतिम सिंह की भी भूमिका रही है। अंतिम सिंह फिलहाल फरार है। उसकी तलाश में सीआईडी की एक टीम आजमगढ़ भी गई थी, लेकिन वह वहां से भी भाग निकला। अभी तक की तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि हाजीपुर के चंदन सोनार के गिरोह ने सोहेल को दमन-दीव से अगवा किया था। अंतिम सिंह चंदन गैंग का सक्रिय सदस्य है।
दमन पुलिस पहुंची बिहार: सोहेल अपहरण केस की तफ्तीश कर रही दमन पुलिस की टीम बिहार में है। वह सोहेल केस में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इसी सिलसिले में दमन पुलिस की टीम शुक्रवार को छपरा भी गई थी। दमन पुलिस के आवेदन पर छपरा कोर्ट शनिवार को विचार करेगी।
किसके खाते में गया पैसा, किसने दी पनाह
सोहेल हिंगोरा केस में फिरौती की रकम किसके-किसके खाते में गई और किन लोगों ने अपहर्ताओं को पनाह दी फिलहाल सीआईडी इसका पता लगाने में जुटी है। हालांकि अभी तक इस केस में किसी नेता का नाम आने की बात से पुलिस ने इनकार किया है। दूसरी ओर पुलिस को हनीफ हिंगोरा से भी कोई क्लू नहीं मिल रहा। राज्य पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि पुलिस तो अपनी तफ्तीश कर ही रही है, लेकिन हिंगोरा के पास अगर कोई जानकारी है तो उन्हें शेयर करनी चाहिए।
अपहरण में इस्तेमाल गाडिय़ों का सुराग नहीं
सोहेल हिंगोरा को दमन से अगवा कर छपरा लाने के लिए जिन दो गाडिय़ों का अपहर्ताओं ने इस्तेमाल किया था अभी तक पुलिस उनको ट्रेस नहीं कर पाई है। अपहर्ताओं ने एक सफेद रंग की वेरेना और काले रंग के स्कार्पियो का इस्तेमाल किया था।
सोहेल हिंगोरा अपहरण कांड