पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कोप भवन में शिवानंद, साबिर दुखी, असमंजस में एन.के.सिंह

कोप भवन में शिवानंद, साबिर दुखी, असमंजस में एन.के.सिंह

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विशेष संवाददाता - पटना
जदयू ने अपने मौजूदा सांसदों को टिकट क्या काटा, नजारा ही बदल गया। शिवानंद तिवारी नाराज होकर कोप भवन में चले गए, तो साबिर अली की आवाज में पार्टी के इस फैसले के प्रति निर्विकार उदासी साफ सुनाई दे रही थी। उधर, एन के सिंह यह तय नहीं कर पा रहे कि आगे क्या करना है।
जदयू ने इन तीनों को दोबारा टिकट नहीं देने की पटकथा पहले ही लिख रखी थी, फिर भी शुक्रवार की दोपहर तक तीनों सांसदों की हल्की सी उम्मीद बाकी थी। हालांकि शरद यादव द्वारा तीन नए नामों की घोषणा होते ही उनकी आस टूट गई। श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा नामों की घोषणा होते ही वहां मौजूद नेता और कार्यकर्ता अवाक रह गए।
आमतौर पर मीडिया से दिल खोल कर बात करने वाले शिवानंद तिवारी ने अचानक चुप्पी साध ली। शाम चार बजे लगातार राजधानी और दिल्ली की मीडिया उनको खोजती रही। लेकिन उन्होंने किसी के फोन का जवाब नहीं दिया। घर पर भी सारे दरवाजे बंद रहे। देर रात तक आहत बाबा से मिलने की कोशिश नाकाम रही। बाबा ने कल आने का संदेशा भिजवाकर मिलने वालों को गेट से ही बैरंग लौटा दिया।
बेटिकट हुए साबिर अली गुरुवार को ही दिल्ली चले गए। फोन पर काफी ठंडे रिस्पांस के साथ उन्होंने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है, मैं क्या कहूं? यह लोकसभा चुनाव लडऩे का मामला है विचार करना होगा। बहरहाल मैं ऐसा कोई कदम नहीं उठाने वाला जिससे जदयू को नुकसान हो।
वहीं एन के सिंह ने कहा कि चुनाव लडऩे के बारे में अभी कुछ नहीं कह सकता। उन्होंने कहा-हम आभारी हैं कि हमें छह साल सांसद बना के रखा।