सड़क हादसों में छात्र सहित दो की मौत
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
कोटा रोड में दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार छात्र सहित दो की मौत हो गई। वहीं तीन घायल हो गए।
तालापारा तैयबा चौक निवासी २० वर्षीय मोहम्मद हसन पिता सकलेन कोटा स्थित रमन यूनिवर्सिटी में पढ़ता था। बुधवार को वह अपने साथी २५ वर्षीय सुल्तान गुलशेर पिता अहमद के साथ बाइक क्रमांक सीजी १० डब्ल्यूए ६०७२ से कालेज जा रहा था। रास्ते में भरनी-परसदा के पास आशीष बस सर्विस की बस क्रमांक सीजी १० जी-०१३८ ने उसकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद हसन बस के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुल्तान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। घटनास्थल के नजदीक धान मंडी में काम कर रहे लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। यहां से सकरी चौकी पुलिस को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने घायल सुल्तान को एंबुलेंस से सिम्स भेजा।
यहां उसकी हालत देखते हुए डाक्टरों ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।
खड़े ट्रक से बाइक टकराई
खतरनाक है कोटा रोड: सकरी से कोटा जाने वाले मार्ग में चोरभट्ठी व भरनी के बीच का रास्ता चौड़ा है। सुबह से लेकर शाम तक इस रोड पर कालेज आने जाने वाले छात्रों व अन्य लोगों की भीड़ रहती है। सड़क पर गाडिय़ों की रफ्तार काफी तेज होती है।
मंगलवार की रात सकरी-कोटा रोड पर ग्राम अमने के पास एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बाइक में सवार युवक की मौत हो गई। वहीं उसके दो साथी घायल हो गए। कोटा क्षेत्र के ग्राम उमरमरा जोगीपुर निवासी २९ वर्षीय अश्वनी राज पिता दुलारी राज मंगलवार को अपने साथी ३२ वर्षीय शंभू सिंह पिता सुमेर सिंह व ३९ वर्षीय राजकुमार गोड़ पिता जोगीराम गोड़ के साथ बाइक क्रमांक सीजी १० बी ६०४५ में बिलासपुर आया था। रात को यहां से तीनों घर लौट रहे थे। रास्ते में कोटा से पहले ग्राम अमने के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक सीजी ०४-जेडसी ५५४८ से टकरा गई। इस हादसे में अश्वनी राज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी घायल हो गए। रोड से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस मंगाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा भेजा। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। कोटा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
चकरभाठा व कोटा थाना क्षेत्र में हुईं घटनाएं, कालेज जा रहे छात्र को बस ने टक्कर मारी