शिक्षा का निजीकरण न हो: राम माधव
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख राम माधव शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को निजी हाथों में सौंपने की आवश्यकता नहीं है। निजीकरण करने के पहले यह देखना होगा कि ऐसे संस्थानों का पाठ्यक्रम क्या है? आरक्षण के बारे में उन्होंने कहा कि यह धर्म आधारित न होकर आर्थिक आधार पर होना चाहिए।
कोनी में आयोजित संघ के 3 दिनी नव चैतन्य शिविर के दूसरे दिन राम माधव ने अध्यापक वृंद से चर्चा करते हुए कहा कि गरीबों की दशा सुधारने के लिए अन्त्योदय सभी सरकारों का लक्ष्य होना चाहिए। महिलाओं की स्थिति के बारे में उन्होंने कहा कि उनके विकास एवं उत्थान के लिये समूचेूचे समाज को एकजुट होना चाहिए। राम माधव ने संघ के शिविर जायजा लिया। संघ प्रमुख से मिलने नगर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित एवं अग्रणी जन पहुंचे तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा की। राम माधव ने सम सामयिक विषयों पर विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षण संस्थानों के प्रमुख से चर्चा की। इनमें संघ के रामदत्त सहित डॉ सुनील वर्मा, डॉ. बी.एल गोयल, डॉ. जे.पी.शिवरें, डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. जे एन केशरवानी, डॉ. दिलीप शुक्ला, डॉ. प्रतीक्षा मिराल, डॉ. अरूण सिंह, डॉ. एम आर मेश्राम, डॉ. सतीश देशपाण्डेय आदि शामिल थे।
सुबह मंत्रोच्चारण और शाम को विवेकानंद दर्शन पर चर्चा
शिविर में पहुंचे हजारों शिविरार्थियों की सुबह मंत्रोच्चारण के साथ हुई। मैदान में एकत्रित हजारों युवाओं ने सूर्य नमस्कार, योगासन, प्राणायाम के साथ साथ अनेक मस्ती भरे सामूहिक खेलकूद का आनंद उठाया। इस मौके पर शारीरिक एवं बौद्घिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। शाम को संध्या वंदन के बाद युवाओं की स्वामी विवेकानंद और भारत राष्ट्र से जुड़े हुए विभिन्न विषयों की जिज्ञासाओं को ध्यान में रखकर जिज्ञासा समाधान सत्र का आयोजन किया गया।इसमें युवाओं के प्रश्नों का समुचित उत्तर देकर उनके ज्ञान में वृद्वि की गई। इस सत्र में विशेष रूप से रवि अय्यर, जयंत सहस्त्रबुद्धे, विज्ञान भारती, रामदत्त, जुड़ावन सिंह, माधव विद्वांस, अरुण जैन, नरेन्द्र जैन आदि शामिल थे। बौद्घिक वर्ग में प्रश्नमंच, वीर रस की कविता, चित्रकला, नारा लेखन इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं शारीरिक वर्ग में युवाओं ने कबड्डी , रस्सा कसी, बाधा दौड़ इत्यादि में भाग लिया।
शिविर की टीम भावना को क्रिकेटर चौहान ने सराहा
शिविर में पहली बार आरएसएस की नई झलक नजर आई।आमतौर पर गणवेशधारी स्वयंसेवकों की पहचान कठोर परिश्रम,अनुशासन तथा उच्च बौद्धिक स्तर के रूप में की जाती है,परंतु कोनी के शिविर में उन क्षेत्रों के लोगों को भी शामिल किया गया, जो खेल के मैदान और रियलिटी शो में अपने फन का जौहर दिखा चुके हैं। शिविर में कलर्स टीवी के रियलिटी शो ‘इंडिया गाट टेलेंट’ में रनर अप रहे योगेश मालवीय की 14 सदस्यीय टीम का मलखंभ का प्रदर्शन छाया रहा। शिविरार्थियों से मिलने पहुंचे प्रसिद्घ क्रिकेटर एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी राजेश चौहान ने कहा कि वे पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम में पहुंचे हैं और शिविर में शामिल लोगों की भावना को देखकर अभिभूत हैं। भावुकता भरे अंदाज में उन्होंने कहा कि वे अपनी अनुभूति को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। चौहान ने कहा कि पहली बार टीम इंडिया की टोपी पहनकर और भारत के लिए खेलकर जो अनुभव उन्होंने उस वक्त किया था, वही अनुभव आज वे इस शिविर में कर रहे हैं। शिविर के आयोजकों की समूह भावना को देखकर उन्होंने कहा कि इस टीम भावना से तो दुनिया के बड़े से बड़े काम को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह शिविर यहां शामिल हुए युवाओं के अंदर संस्कार को और गहरा करेगा, उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएगा और वे राष्ट्र की उन्नति में सहायक सिद्ध होंगे।
मध्य मंडल ने पहुंचाई रोटियां
भाजपा नगर मध्य मण्डल ने दूसरे दिन सुबह एवं नगर भाजपा उत्तर मण्डल ने शाम को शिविर में शहरवासियों के घरों से एकत्रित रोटियां पहुंचाई। दोनों मण्डलों ने आज 4000 घरों से रोटियां एकत्रित कर शिविरार्थियों को परोसा। रोटी एकत्रीकरण के कार्य को संभागीय संगठन मंत्री पवन साय, गुलशन ऋषि एवं रामदेव कुमावत की देखरेख में जोन प्रभारी मनीष शुक्ला, उमेश चंद्र कुमार, एवं उत्तर मण्डल के जोन प्रभारी विजय ताम्रकार एल्डरमेन, मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश मिश्रा, महामंत्री सतीश गुप्ता, संतोष ठाकुर, राजेश वर्मा, विशाल कुलकर्णी, शरद यादव, श्याम सिंह, राजेन्द्र ताम्रकार, परमानंद गुरवानी, जयराम कोडवानी, रविशंकर उपाध्याय, ठाकुर पवन सिंह, राजेश दुसेजा, मुकेश अघिजा, कृष्ण कुमार शर्मा, नीरज कश्यप, संजय गुप्ता, परमानंद पटेल, संतोष मिश्रा, सचिन सराफ, बच्चन यादव, ओपी साहू, डी.के. साहू, रामनाथ राजपूत, संदीप पटेल, प्रीतराम साहू ने पूर्ण कराया।