- Hindi News
- चेतना केंद्र कनई खोंदरा में शिविर अगले माह
चेतना केंद्र कनई खोंदरा में शिविर अगले माह
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
स्कूली छात्र, छात्राओं में वन एवं वन्यप्राणियों के प्रति जागरूकता तथा संरक्षण की भावना के प्रचार प्रसार के लिए पर्यावरण चेतना केंद्र कनई खोंदरा में शिविर अगले महीने लगेगा। इसके लिए वन मंडलाधिकारी हेमंत कुमार पांडे ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं तथा स्वयंसेवी
संस्थाओं को पत्र लिख कर शिविर में भाग लेने का न्यौता दिया है।
राज्य शासन ने कनई खोंदरा सहित प्रदेश के 7 स्थानों में पर्यावरण चेतना केंद्र की स्थापना कर स्कूली छात्र,छात्राओं को वन तथा वन्यप्राणियों के संबंध में उनका ज्ञान बढ़ाने के लिए पहल की है। योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष 500 स्टूडेंट को जंगल की सैर के साथ वन्यप्राणियों की जीवनशैली व रहवास स्थलों के बारे में जानकारियां दी जाएगी। स्टूडेंट शिविर अवधि में जंगल में स्थापित टेंट में 3 दिनों तक रहकर वन,पर्यावरण का ज्ञान प्राप्त करेंगे।कार्यक्रम का ताना बाना इस प्रकार बुना गया है कि स्टूडेंट को सैर सपाटे का पूरा लुत्फ मिले और पर्यावरण को सुरक्षित रखने वाले पेड़, पौधों तथा जंगल की शोभा माने जाने वाले वन्यप्राणियों के बारे में वे पर्याप्त जानकारी हासिल कर सकें।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रत्येक पर्यावरण चेतना केंद्र को 30-30 लाख रुपए टेंट तथा अन्य सुविधाओं के विस्तार के लिए आवंटित किए गए हैं। चेतना केंद्र की स्थापना के लिए
कनई खोंदरा में निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं। इन्हें शिविर के पूर्व पूर्ण कराने कहा गया है।