- Hindi News
- एसईसीएल मुख्यालय में तालाबंदी की चेतावनी
एसईसीएल मुख्यालय में तालाबंदी की चेतावनी
हरदीबाजार - एसईसीएल दीपका क्षेत्र के प्रभावित भूविस्थापितों नें प्रबंधन पर अनदेखी करने का आरोप लगाया है। आंदोलन के बावजूद मांगो को लेकर प्रबंधन की ओर से कोई कार्रवाई नही होने से आक्रोशित भूविस्थापितों ने सीएमडी को पत्र लिखकर ३१ जनवरी को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर का घेराव व तालाबंदी की चेतावनी दी है। एसईसीएल दीपका परियोजना से प्रभावित ग्राम चैनपुर, सुआभोड़ी, सिरकी, मलगांव, बेलटिक री, झिंगटपुर, रेकी, झाबर, रतिजा व दीपका के भूविस्थापित नौकरी व मूलभूत सुविधाएं, पुनर्वास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे है। भूविस्थापितों के अनुसार वे अधिकारियों के समक्ष गुहार लगा चुके है। लेकिन मांगो पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नही की गई है।
भूविस्थापितों की ओर से आरोप लगाया गया है कि प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम उठाया नही गया है, साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर किसानों का अस्तित्व मिटाने का प्रयास प्रबंधन कर रहा है। भूविस्थापितों का कहना है कि वे काफी समय से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे है।
लेकिन मौके से उन्हे हटाने के लिए प्रबंधन के कर्मचारी आंदोलन स्थल पर ही ब्लास्टिंग कर रहे है। भूविस्थापितों ने इस संबंध में एसईसीएल बिलासपुर सीएमडी को पत्र लिखकर ३१ जनवरी को उनके कार्यालय के मुख्यद्वार पर सुबह १० बजे से धरना व मुख्यगेट पर तालाबंदी की चेतावनी दी है।
भूविस्थापितों का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से होगा। अब तक प्रबंधन उनकी बातों को अनसुना कर रहा है यही कारण है कि उन्होनें अब मुख्यालय में शांतिपूर्ण आंदोलन व तालाबंदी कर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्णय लिया है।