रेलवे बनाएगी अंडरब्रिज की सड़क
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
लालखदान रेलवे फाटक में अंडरब्रिज के दूसरी ओर की सड़क रेलवे बनाएगी। जिला प्रशासन, रेलवे के अफसरों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। तहसीलदार और रेलवे के अफसर 24 जनवरी को क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद काम को आगे बढ़ाएंगे।
लालखदान रेलवे फाटक में ओवरब्रिज निर्माण व समय-समय पर होने वाले मेंटेनेंस कार्य की वजह से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। इस मुद्दे को लेकर बुधवार को उन्होंने चक्काजाम और धरना प्रदर्शन किया। समस्या का निराकरण करने के लिए गुरुवार को अतिरिक्त कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने त्रिपक्षीय बैठक बुलाई थी। जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त कलेक्टर नीलकंठ टेकाम, सिटी मजिस्ट्रेट एसपी वैद्य व तहसीलदार देवेंद्र केशरवानी, रेलवे की ओर से असिस्टेंट डिवीजन इंजीनियर जेपी मिश्रा व जनप्रतिनिधियों की ओर से लालखदान क्षेत्र के प्रतिनिधि अभयनारायण राय, उप सरपंच नागेंद्र राय व जनपद सदस्य निर्मला पाल की मौजूदगी में सबसे पहले अंडरब्रिज के दूसरी ओर सड़क निर्माण पर चर्चा हुई। रेलवे के अफसर ने बताया कि जिस तरफ सड़क निर्माण की मांग की जा रही है उस तरफ रेलवे की चौथी लाइन का प्रस्ताव है इसलिए सड़क नहीं बनाई जा सकती। इस पर जनप्रतिनिधियों ने कहा चौथी रेलवे लाइन अभी नहीं बन रही है। जब रेल लाइन बिछेगी तब उस सड़क का इस्तेमाल रेलवे कर सकती है। अगर इसके लिए कोई शपथ पत्र चाहिए तो सभी लिखकर देने के लिए तैयार हैं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान में ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है इससे परेशानियां बढ़ रही है। ऐसे में अंडरब्रिज जरूरी है। जब तक सड़क नहीं बनेगी, इसकी उपयोगिता साबित नहीं हो पाएगी।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक ओवरब्रिज नहीं बन जाता है तब तक भारी वाहनों को पुराना पावर हाउस से हेमू नगर ओवरब्रिज, नयापारा होते हुए महमंद बाइपास पर डायवर्ट किया जाए। इस पर जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने रेलवे अफसरों को सड़क निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार को रेलवे के डिविजनल इंजीनियर सामंत राय के साथ मौके का निरीक्षण कर जमीन की नापजोख करने के लिए भी कहा। तहसीलदार और रेलवे के अफसर 24 जनवरी को क्षेत्र का
निरीक्षण करेंगे।
आज अफसर करेंगे क्षेत्र का निरीक्षण
जिला प्रशासन, रेलवे के अफसरों और जनप्रतिनिधियों की हुई बैठक
फाटक के दूसरी ओर ऐसी सड़क पर लोगों को चलना पड़ रहा है। इसे बनाने पर गुरुवार को सहमति बनीं।
रेलवे बनाएगी अंडरब्रिज की सड़क
लालखदान फाटक की समस्या पर हुई त्रिपक्षीय वार्ता