- Hindi News
- संघ के नव चैतन्य शिविर का समापन किया राम माधव ने, आनंद कुमार ने बढ़ाया युवाओं का हौंसला
संघ के नव चैतन्य शिविर का समापन किया राम माधव ने, आनंद कुमार ने बढ़ाया युवाओं का हौंसला
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ((आरएसएस)) के अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख राम माधव ने कहा कि कांग्रेसियों को आरएसएस का इतिहास नहीं मालूम। नक्सली आतंक के सामने संघ और उसके संगठनों के सर्वाधिक कार्यकर्ता बलिदान हो चुके हैं। संघ नक्सली हिंसावादी विचार के खिलाफ है।
संघ प्रमुख से प्रदेश कांग्रेस कमेटी ((पीसीसी)) प्रेसिडेंट भूपेश बघेल के उस बयान पर टिप्पणी पूछी गई थी, जिसमें उन्होंने कहा है कि नक्सली आरएसएस पर हमला नहीं करते। नक्सलियों की संघ के साथ सांठगांठ है। कोनी में आयोजित संघ के नव चैतन्य शिविर में गुरुवार की शाम पत्रकारों से चर्चा में राम माधव ने बघेल का नाम लिए बिना कहा कि संघ पर इस प्रकार के आरोप राजनीतिक स्वार्थ के लिए लगाए जा सकते हैं। लोकतंत्र में विश्वास करने वाले नक्सली विचारधारा के खिलाफ हैं। संघ नक्सली विचारधारा के खिलाफ खड़ा हुआ है। नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने के लिए संघ के योगदान के सवाल पर राम माधव ने बिना नाम लिए कहा कि आरएसएस जनता को अपने मताधिकार के उपयोग के लिए जागरूक करेगा। मोदी को पीएम बनाने के लिए व्यक्तिगत सोच व रुचि के सवाल पर बड़ी ही चतुराई से किनारा करते हुए उन्होंने कहा कि यह मतदान के दिन तय होगा और इसे मीडिया के सामने व्यक्त नहीं कर सकते। जनता योग्य पीएम का चुनाव करे, ऐसा उनका विचार है।
आंतरिक सुरक्षा देश की बड़ी चुनौती: पीएम की दौड़ में चल रहे एआईसीसी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की आइडियोलॉजी के सवाल पर राम माधव ने टिप्पणी से परहेज करते हुए कहा कि देश के सामने आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक एकता तथा महिलाओं की सुरक्षा, गिरती हुई अर्थव्यवस्था जैसी कई गंभीर चुनौतियां हैं। ऐसी बातों को ध्यान में रख कर उनके विचार से योग्य व्यक्ति के हाथ में सत्ता की बागडोर सौंपी जानी चाहिए। शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती द्वारा मीडिया कर्मी को थप्पड़ मारने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि ऐसी बात न तो उन्होंने सुनी और न ही देखी है। राज्य सभा की रिक्त सीट के सवाल पर राम माधव ने चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार के पास राज्य सभा के लिए आरएसएस का कोटा होता है, इसके बारे में उन्हें नहीं मालूम।