पीएम के साथ बैठेगी सीवीआरयू की छात्रा
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी की छात्रा अलका कुंभज का चयन देश के 100 मेधावी विद्यार्थियों में हुआ है। उसे 26 जनवरी को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ दिल्ली की परेड देखने का अवसर मिला है। वह 24 जनवरी को दिल्ली के लिए रवाना होगी।
यूनिवर्सिटी के कुलसचिव शैलेष पाण्डेय ने बताया कि यूनिवर्सिटी के सिविल इंजीनियरिंग सातवें सेमेस्टर की छात्रा अल्का कुंभज का चयन देश के 100 मेधावी विद्यार्थियों में हुआ है। इस आशय का पत्र भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय से आया है। डिप्टी एजुकेशन एडवाइजर पीके मोहंती ने यह पत्र जारी किया है। विद्यार्थियों का चयन यूनिवर्सिटी व स्कूल स्तर पर किया जाता है, जिसमें टॉपर विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाती है। इसके आधार पर मेधावी 100 विद्यार्थियों का चयन राजपथ में प्राइमिनिटर्स बाक्स से परेड देखने के लिए होता है। सीवी रमन यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग की सातवें सेमेस्टर की छात्रा अल्का कुंभज का चयन यूनिवर्सिटी स्तर पर किया गया है। छात्रा शुरू से ही मेधावी रही है और पढ़ाई के अलावा यूनिवर्सिटी की सभी गतिविधियों में सबसे आगे रहती है। इसलिए उसका चयन भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने किया है। छात्रा को कुलपति डॉ. सुरेखा ठक्कर, सम कुलपति डॉं. आरपी दुबे सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष व प्राध्यापकों ने शुभकामनाएं दी है।
मेहनत करें तो सफलता तय: कुलसचिव
कुलसचिव पाण्डेय ने कहा कि जब कोई विद्यार्थी ईमानदारी से मेहनत करता है तो उसकी सफलता तय हो जाती है। इसमें कोई संशय नहीं रहता है। विद्यार्थी जीवन में ऐसी सफलता से उनका आत्म विश्वास बढ़ता है। उनके मन में अपने आप को योग्य साबित करने की क्षमता की सोच विकसित होती है। साथ ही दूसरे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती है। यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में दक्ष बनाने के लिए लगातार प्रयास करती है। यही कारण है कि यहां के विद्यार्थी अपने आप को बेहतर साबित करने के लिए उत्साह से लबरेज नजर आते हैं।
यूनिवर्सिटी, प्राध्यापकों व परिवार को श्रेय: अल्का
दिल्ली में प्राइमिनिस्टर्स बाक्स से परेड देखने के लिए चयनित छात्रा अल्का का कहना है कि इसका सबसे बड़ा श्रेय यूनिवर्सिटी को है, जहां से मैं शिक्षा ले रही हूं। यहां विद्यार्थियों के विकास के लिए काम किया जा रहा है। पढ़ाई के साथ अन्य सभी गतिविधियों के लिए यूनिवर्सिटी प्रयास कर रही है। लैब, लाइब्रेरी, पढ़ाई का माहौल, सेमिनार, गेस्ट लेक्चर, विजिट पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। हर विद्यार्थी पर फोकस कर पढ़ाई कराई जाती है। इसलिए यहां के विद्यार्थी हर क्षेत्र में आगे हैं। इसके साथ परिवार के सभी लोगों का सहयोग मिलता है।
ञ्चपरेड देखने के लिए देश की 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन