पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राज्य के वकील को बनाएं महाधिवक्ता

राज्य के वकील को बनाएं महाधिवक्ता

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
महाराष्ट्र के वकील को छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता बनाने के विरोध में वकील एकजुट होने लगे हैं। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य वकीलों सहित रायपुर, अंबिकापुर सहित दूसरे जिलों के वकीलों ने इसका विरोध करने का निर्णय लिया है। वकीलों ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को पत्र लिखकर शुक्रवार को सामान्य सभा बुलाने की मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार की सुबह 11 बजे एसोसिएशन के कार्यकारिणी की बैठक होगी। दोपहर से हाईकोर्ट के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता पद पर दूसरे राज्य के वकील की नियुक्ति के विरोध में वकील मुखर होने लगे हैं। गुरुवार को हाईकोर्ट के कुछ वकीलों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें सैकड़ों वकीलों ने गिल्डा को महाधिवक्ता बनाने के विरोध में हस्ताक्षर किए हैं। एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति रद्द नहीं करने पर आंदोलन की रणनीति बनाने पर का निर्णय लेने की बात भी वकीलों ने कही है।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक रंजन तिवारी को पत्र लिखकर इस संबंध में शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक बुलाने की मांग की गई है। सुबह 11 बजे इस सामान्य सभा बुलाने को लेकर कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई है। दोपहर 12 बजे से हाईकोर्ट के गेट नं. 3 के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में वकील निरुपमा वाजपेयी ने भी एसोसिएशन के अध्यक्ष को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराई है। दूसरे राज्य से महाधिवक्ता की नियुक्ति को उन्होंने इसे राज्य के 25 हजार वकीलों का अपमान बताया है।




लायर्स यूनियन भी विरोध में

ऑल इंडिया लायर्स यूनियन की छत्तीसगढ़ इकाई ने भी दूसरे राज्य के वकील को महाधिवक्ता बनाने का विरोध किया है। इसे राज्य की 2.5 करोड़ जनता और 25 हजार वकीलों का अपमान बताया गया है। नियुक्ति को रद्द करते हुए राज्य के वकील को महाधिवक्ता बनाने की मांग की गई है। यूनियन के राज्य अध्यक्ष एचएन श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य प्रभाकर सिंह चंदेल, महासचिव शौकत अली और संजय पराते ने इसका विरोध करते हुए वकीलों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है।

नए एजी का विरोध शुरू, सामान्य सभा की बैठक सुबह 11 बजे, आज से होगा विरोध प्रदर्शन