- Hindi News
- महाधिवक्ता को हटाने सात दिन का अल्टीमेटम
महाधिवक्ता को हटाने सात दिन का अल्टीमेटम
0 हाईकोर्ट के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू
0 वकीलों ने दी आंदोलन की चेतावनी
भास्कर न्यूज, बिलासपुर
नए महाधिवक्ता जेके गिल्डा की नियुक्ति को लेकर वकीलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को हाईकोर्ट के सामने वकीलों ने प्रदर्शन किया और राज्य के किसी वकील को महाधिवक्ता बनाने की मांग की। वकीलों ने सात दिनों के भीतर गिल्डा की नियुक्ति को निरस्त करने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में राज्यपाल, सीएम सहित अन्य को पत्र लिखने का भी निर्णय लिया गया है।
महाराष्ट्र स्टेट बार कौंसिल में पंजीकृत और महज 6 साल पहले छत्तीसगढ़ में आए वकील को राज्य का महाधिवक्ता बनाने के विरोध में वकील एकजुट होने लगे हैं। शुक्रवार की दोपहर 12 बजे हाईकोर्ट के गेट नंबर 3 के सामने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य और जिला कोर्ट के सैकड़ों वकीलों ने धरना-प्रदर्शन शुरू किया। धरने को संबोधित करते हुए वकील निरुपमा वाजपेयी ने कहा कि गिल्डा छत्तीसगढ़ स्टेट बार कौंसिल के सदस्य भी नहीं हैं। यहां तक कि वे हाईकोर्ट की स्थापना के समय भी यहां नहीं आए। अतिरिक्त महाधिवक्ता का पद मिलने के बाद 2006-07 से वे यहां हैं। उनकी नियुक्ति राज्य के 25000 से ज्यादा वकीलों का अपमान है। उन्होंने नियुक्ति को जल्द निरस्त करने की मांग की है। स्टेट बार कौंसिल के पूर्व कोषाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य के वकीलों ने सरकार की ओर से पैरवी करते हुए अपनी प्रतिभा साबित की है, इसके बावजूद दूसरे राज्य के वकील को महाधिवक्ता नियुक्त करना समझ से परे हैं। श्रीवास्तव ने राज्य के वकीलों की भावनाओं का सम्&52द्भ;मान करते हुए नियुक्ति को निरस्त करने की मांग सीएम डा. रमन सिंह से की है। वकील रजनीश सिंह बघेल ने कहा कि गिल्डा को महाधिवक्ता नियुक्त करना राज्य की 2.5 करोड़ जनता और 25 हजार वकीलों की अनदेखी है। राज्य के किसी वरिष्ठ और योग्य वकील को महाधिवक्ता बनाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि नियुक्ति निरस्त नहीं होने पर वकील आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। विरोध प्रदर्शन करने वालों में सतीश वर्मा, विवेक श्रीवास्तव, धीरेंद्र पाण्डेय, गौतम खेत्रपाल, राहुल झा, महेंद्र दुबे, जगदीश सिंह बराईक, सोमनाथ वर्मा सहित सैकड़ों वकील शामिल थे।
संघ की कार्यकारिणी सोमवार को लेगी निर्णय
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक रंजन तिवारी ने कहा कि पर्याप्त सूचना के अभाव में शुक्रवार को कार्यकारिणी की बैठक नहीं हो सकी। शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को होगी। उन्होंने बताया कि बैठक में एसोसिएशन के सदस्य 30 वरिष्ठ वकील भी शामिल होंगे। सबकी राय लेने के बाद इस मुद्दे पर भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।
क्या राज्य में नहीं हैं काबिल वकील
ऑल इंडिया लायर्स यूनियन ने महाधिवक्ता के पद पर गिल्डा की नियुक्ति को जल्द निरस्त करने की मांग की है। यूनियन की राज्य इकाई के अध्यक्ष एचएन श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रभाकर सिंह चंदेल, शौकत अली, संजय पराते, रूपेश श्रीवास्तव ने गिल्डा की नियुक्ति को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। चंदेल ने कहा कि गिल्डा छत्तीसगढ़ स्टेट बार कौंसिल के सदस्य भी नहीं हैं। वे यहां कितने दिन रहते हैं और कितने मामलों में शासन की ओर से पैरवी की है, यह बात किसी भी छिपी नहीं है। उनकी नियुक्ति राज्य के वकीलों की भावनाओं से खिलवाड़ है।