फिर रुका सीवरेज का काम
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
सीवरेज का पाइप डालने के लिए छत्तीसगढ़ भवन के सामने चल रही सड़क की खुदाई के दौरान डिवाइडर के धसकने का खतरा पैदा हो जाने के बाद पोस्ट ऑफिस के आगे खुदाई का काम रोक दिया गया है। 304 करोड़ की लागत वाली अंडर ग्राउंड सीवरेज परियोजना के अंतर्गत खुदाई के काम में कहीं ट्रैफिक, तो कहीं चट्टान निकलने के कारण योजना के काम में कदम कदम पर मुश्किलें पेश आ रही हैं। वहीं काम में हो रही लेटलतीफी के चलते जनता की परेशानियों की मियाद बढ़ती ही जा रही है।
छत्तीसगढ़ भवन के सामने सीवरेज का पाइप डालने के लिए6 मीटर की खुदाई करने के बाद मिट्टी धसकने से डिवाइडर सहित दूसरे ओर की सड़क पर दरार पड़ गई है। खुदाई का काम डिवाइडर के एक ओर चल रहा है, परंतु डिवाइडर सहित दूसरी ओर की सड़क के धंसने की नौबत आ गई है। मौके पर दिन रात ट्रैफिक के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानियां हो रही हैं तथा मिट्टी धंसने का खतरा मुंह बांये खड़ा है।नगर निगम कमिश्नर अवनीश कुमार शरण ने सीवरेज परियोजना का क्रियान्वयन कर रही सिंप्लेक्स कंपनी को तुरंत खुदाई बंद कर आगे की खुदाई की टेक्निक बदलने कहा है। सीवरेज की अगली खुदाई मेन पोस्ट आफिस से देवकी नंदन चौक होते हुए सिम्स तक की जानी है,जो ट्रैफिक की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील स्थान है। यह सड़क सकरी है और पूरे समय इस पर हैवी ट्रैफिक रहता है। बहरहाल कमिश्नर के आदेश के बाद छत्तीसगढ़ भवन के सामने से मेन पोस्ट ऑफिस के पास आगे की खुदाई अब शीट पाइलिंग के आधार होगी। खुदाई का यह सुरक्षित तरीका है और इसमें लोहे का बाक्स डालकर खुदाई की जाती है, जिससे मिट्टी धसकने का खतरा नहीं होता।
हाइवे के रेस्टोरेशन के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बनाया दबाव
सीवरेज सेल के प्रभारी पीके पंचायती ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी रजत शर्मा ने महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक तक सीवरेज का पाइप डालने के बाद रोड रेस्टोरेशन का काम पूरा करने के बाद ही आगे का कार्य शुरू कराने कहा है। इस रोड पर रेस्टोरेशन का काम तेजी से कराया जा रहा है। रेत फिलिंग के बाद मेटल और मुरुम डाल कर कांपेक्शन का कार्य कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि दयालबंद में चट्टान निकल आने के कारण खुदाई की गति प्रभावित हो रही है।
15 दिन में 14 टीमें बढ़ाने
सिंप्लेक्स को अल्टीमेटम
कमिश्नर ने सीवरेज परियोजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए शुक्रवार को सिंप्लेक्स को खुदाई के लिए टीमें बढ़ाने के निर्देश दिए। 15 जनवरी को मंत्री अमर अग्रवाल ने नगर विकास की समीक्षा बैठक में सिंप्लेक्स को खुदाई के लिए 40 टीमें लगाने के आदेश दिए थे। तब से अब तक कंपनी की 26 टीमें खुदाई के काम में लगी हुईं हैं। कमिश्नर ने सिंप्लेक्स के अधिकारियों को अगले 7 दिनों में 9 टीमें तथा 15 दिन में 14 टीमें और लगाकर शहर में 40 स्थानों पर खुदाई कराने कहा है। शरण ने बताया कि शहर में 50 स्थानों पर एक साथ खुदाई करने के लिए साइट उपलब्ध है।
छत्तीसगढ़ भवन के पास सीवरेज के लिए खोदाई के दौरान डिवाइडर घंसने का खतरा है।