पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कहीं टीचर तो कहीं मध्यान्ह भोजन नदारद

कहीं टीचर तो कहीं मध्यान्ह भोजन नदारद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
बिल्हा ब्लाक के स्कूलों का हाल क्या है, इसे जिला पंचायत सीईओ के निरीक्षण रिपोर्ट से समझा जा सकता है। ब्लाक के बुंदेला और हथनी पंचायत के स्कूलों में शिक्षक नदारद मिले, वहीं बुंदेला मिडिल स्कूल में मध्यान्ह भोजन का चूल्हा तक नहीं जला। जिला पंचायत सीईओ ने नदारद शिक्षकों के खिलाफ वेतन काटने और मध्यान्ह भोजन के मामले में हेडमास्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ नीरज बंसोड शुक्रवार को बिल्हा ब्लाक के दौरे पर थे। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ सरकारी स्कूलों के अध्यापन व्यवस्था की टोह ली। प्राइमरी स्कूल हथनी का शिक्षक नदारद मिला। इसके बाद वे हाई स्कूल बुंदेला पहुंचे। यहां पदस्थ शिक्षिका सरिता ठाकुर और प्रीती कौशिक बिना किसी सूचना के नदारद मिले। सीईओ ने दोनों स्कूल के तीनों शिक्षकों के खिलाफ दो-दो दिन के वेतन काटने की कार्रवाई की है। इसके बाद वे मिडिल स्कूल बुंदेला पहुंचे। यहां शिक्षक तो मिले, लेकिन बच्चों की थाली से मध्यान्ह भोजन गायब था। सीईओ ने पूछताछ की तो पता लगा कि मध्यान्ह भोजन पकाने वाले समूह की महिलाएं नहीं आई हैं। इसके कारण भोजन नहीं बना। सीईओ ने इस गड़बड़ी के लिए हेडमास्टर को भी जिम्मेदार माना, लिहाजा हेडमास्टर और महिला स्व-सहायता समूह को नोटिस जारी किया है।




बच्चों को मिलता है पापड़ का टुकड़ा

सीईओ उस समय दंग रह गए, जब प्राइमरी स्कूल भोजपुरी के बच्चों की थाली पर नजर पड़ी। यहां बच्चों को पापड़ के नाम पर एक टुकड़ा दिया गया था। सीईओ ने जानकारी ली तो पता लगा कि 120 बच्चों के लिए डेढ़ पैकेट पापड़ तला गया है। यही कारण था कि बच्चों को पापड़ का चौथाई हिस्सा बांटा गया था। सीईओ ने गहरी नाराजगी जाहिर की और मेनू के आधार पर बच्चों को भरपेट भोजन देने के निर्देश दिए। सीईओ ने प्राइमरी स्कूल हथनी में बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ ने बिल्हा ब्लाक के स्कूलों का किया औचक निरीक्षण

बुंदेला और हथनी स्कूल में अनुपस्थित मिले टीचर