पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सिंगल विंडो में मकान के आवेदन न लेने पर गरीबों ने मचाया हंगामा

सिंगल विंडो में मकान के आवेदन न लेने पर गरीबों ने मचाया हंगामा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
नगर निगम के विकास भवन के सिंगल विंडो में शुक्रवार को अचानक मकान आवंटन के आवेदन लेने पर रोक लगाने से नाराज लोगों ने कमिश्नर का घेराव कर दिया। सिंगल विंडो सिस्टम निगम की बुनियादी सेवा संबंधी समस्याओं के आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए शुरू किया गया है,परंतु यहां 99 फीसदी आवेदन शासन की आवास योजना के अंतर्गत मुफ्त मकान के लिए दिए जा रहे हैं।
सिंगल विंडो में बड़े पैमाने पर आने वाले आवेदनों तथा आवेदकों की दिन ब दिन बढ़ती भीड़ से चिंतित निगम प्रशासन ने गुरुवार को आवेदन लेना बंद करने का निर्णय लिया था,परंतु इसकी जानकारी लोगों को आज ही नोटिस बोर्ड के जरिए मिली। इससे आवेदन लेकर पहुंचे विभिन्न वार्डों के सैकड़ों जरूरतमंद आवेदकों, जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी, ने सुबह कमिश्नर अवनीश कुमार शरण का घेराव कर दिया। कमिश्नर के निर्देश पर आज मकान आवंटन से संबंधित आवेदन स्वीकार करते हुए शनिवार से आगामी आदेश तक आवेदन लेने पर रोक लगा दी गई है।
मकान के लिए महीने भर में जमा हुए7 हजार आवेदन: सिंगल विंडो सिस्टम 24 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर विकास भवन के प्रथम तल पर आम लोगों को निगम की बुनियादी सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शुरू किया गया। महीने भर में करीब 7 हजार आवेदन अकेले मकान आवंटन के लिए प्राप्त हुए। शहर में झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत 7836 आवासों के निर्माण की योजना चलाई जा रही है। इसके लिए पात्र हितग्राहियों का भी चयन किया जा चुका है,परंतु योजना के अंतर्गत 50 फीसदी भी मकानों का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। निगम की चिंता आवास के लिए निरंतर प्राप्त हो रहे नए आवेदनों की जांच की है,क्योंकि शहर को झुग्गी मुक्त करने की योजना के अंतर्गत उन्हीं लोगों को मकान दिए जाएंगे, जिनका नाम गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों ((बीपीएल))की सर्वे सूची में दर्ज है।यह सूची वर्ष2007 में संशोधित की गई थी। इसके अतिरिक्त चिन्हित झुग्गी बस्तियों के रहवासियों को योजना के अंतर्गत मकान दिया जाना है,ताकि शहर को झुग्गी मुक्त किया जा सके। अधीक्षण अभियंता सुधीर गुप्ता ने बताया कि मकानों के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाएगी। जब तक यह काम नहीं हो जाता, तब तक नए आवेदन नहीं लिए जाएंगे।