- Hindi News
- जेल ब्रेक, छप्पर तोड़कर सेंट्रल जेल से भागे दो बंदी
जेल ब्रेक, छप्पर तोड़कर सेंट्रल जेल से भागे दो बंदी
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
सेंट्रल जेल की सुरक्षा एक बार फिर तार-तार हो गई जब यहां से गुरुवार देर रात दो बंदी टायलेट की छप्पर निकालकर भाग निकले। १२ दिन पहले ही इन्हें अपहरण व दुष्कर्म के मामले में यहां लाया गया था। दोनों बंदी गौरेला के रहने वाले हैं। घटना के बाद जेल डीआईजी सहित कलेक्टर, आईजी, एसपी व एडीएम ने जेल का निरीक्षण किया। मामले को जेल प्रशासन ने गंभीर चूक मानते हुए प्रहरी व गार्ड इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है। जेलर व चक्कर इंचार्ज को नोटिस दिया गया है।
घटना गुरुवार रात १.३० से २.०० बजे के बीच हुई। बंदी कौशल गंधर्व व राजू सिंह गंधर्व दोनों १९ वर्ष ११ जनवरी २०१३ को अपहरण व अनाचार के आरोप में चालान के बाद जेल लाए गए थे। जेल प्रशासन ने इन्हें बैरक नंबर ९ में रखा था। यह पहले महिला बैरक था। इसमें १९ से २१ साल के बीच के बंदियों को रखा जाता है। घटना की रात भी दोनों बंदी इसी बैरक में थे। करीब डेढ़ से दो बजे के बीच दोनों इसी बैरक के टायलेट गए थे। इसका छज्जा खपरैल का है। दोनों बंदी खपरैल हटाकर महिला जेल की ओर चले गए। वहां से दोनों दीवार फांदकर फरार हो गए। मुख्य गेट पर तैनात जवान ने दोनों को भागते हुए देखा और उन्हें कुछ दूर तक दौड़ाया भी, लेकिन वह उन्हें पकडऩे में कामयाब नहीं हो सका।