फील्ड पर भेजे जाएं सालों से जमे वनरक्षक
भास्कर न्यूज
बिलासपुर। फारेस्ट के सर्किल, डिवीजन तथा रेंज ऑफिसों में सालों से जमे वन रक्षक और वायरलेस ऑपरेटरों को फील्ड पर भेजने की मांग की गई है। बिलासपुर वन मंडल के तहत करीब दो दर्जन वन रक्षक और वायरलेस ऑपरेटर लंबे अरसे से दफ्तरों में ड्यूटी दे रहे हैं, उन्हें वनों की रक्षा के लिए बीट गॉर्ड के रूप में तैनात होना चाहिए। कमोबेश यही स्थिति वायरलेस ऑपरेटरों की है।
छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ की स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने उप वनमंडलाधिकारी को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देकर मैदानी अमले से कार्यालयीन कार्य लेने का विरोध किया है। खबर है कि बिलासपुर रेंज के अंतर्गत 8 वन रक्षक, सर्किल आफिस में 4, डिविजन आफिस में 2 तथा कोटा, रतनपुर एवं बेलगहना रेंज आफिस में कई वन रक्षकों से कार्यालय में कार्य लिया जा रहा है। इसी प्रकार संघ ने बिलासपुर रेंज के अंतर्गत रिटायर्ड कर्मचारियों से शासकीय कार्य लेने पर रोक लगाने, 4 महीनों से बगैर वजह के रोका गया वाहन चालक राजकुमार पांडे का वेतन देने, वन चौकीदार शिव कुमार वस्त्रकार को ब्यूरो ऑफ फॉरेस्ट क्राइम में अविलंब रिलीव करने की मांग की है।
प्रभारी के आवास पर रिटायर्ड कर्मी का कब्जा
केंद्रीय रोपणी इंदिरा अमराई में पदस्थ प्रभारी देवेंद्र कौशिक के कार्य क्षेत्र में रिटायर्ड वनपाल द्वारा कार्य कराने तथा प्रभारी को आवंटित आवास में कब्जा करने की शिकायत मिली है। कर्मचारी संघ ने उक्त वनपाल के कार्यों पर रोक लगाने तथा आवंटित आवास खाली कराने की मांग की है।