- Hindi News
- अमर बृजमोहन की जुगलबंदी से उभरे नए समीकरण
अमर-बृजमोहन की जुगलबंदी से उभरे नए समीकरण
भास्कर न्यूज. बिलासपुर
मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह कैबिनेट के कद्दावर मंत्रियों में शुमार शहर विधायक एवं मंत्री अमर अग्रवाल तथा कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को शहर में आयोजित दो कार्यक्रमों में मंच साझा किया। वहीं मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे बृजमोहन अग्रवाल का छह से अधिक स्थानों पर जोर-शोर से स्वागत हुआ और इसमें अमर समर्थक भी शामिल हुए। सीएम के सिपहसालार माने जाने वाले दो नेताओं की ऐसी जुगलबंदी यहां पहली बार देखी गई।
भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल में दोनों मंत्रियों के बीच इतनी निकटता कभी नहीं देखी गई। दोनों मंत्रियों के शहर में संयुक्त अभिनंदन के कार्यक्रम से इनके बीच घुल रही मिठास को राजनीति के नए समीकरण के रू प में देखा जा रहा है। जानकारों का कहना है कि बीते वर्षों में बृजमोहन अग्रवाल का शहर प्रवास का कार्यक्रम उनके समर्थकों तक सिमटा रहा लेकिन विधानसभा के चुनाव में पहली बार दोनों मंत्रियों के समर्थकों ने एक दूसरे को जिताने के लिए अपनी गुटीय सीमाएं लांघकर एकजुटता का परिचय दिया। नतीजतन दोनों मंत्रियों की जीत रिकार्ड वोटों से हुई। जाहिर है कि इनके बीच एका से शक्ति का नया केंद्र बनता नजर आ रहा है। विधानसभा चुनाव निबटने के बाद अब दोनों मंत्रियों के सामने लोकसभा चुनाव का नया टास्क है। स्पष्ट है कि नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने के लिए इन मंत्रियों को अपने अपने क्षेत्रों में दूसरी अग्निपरीक्षा देनी होगी और इसके बाद फिर भाजपा की राजनैतिक स्थिति में बदलाव होगा। राजनैतिक प्रेक्षकों की नजरें दोनों के बीच जुगलबंदी को प्रदेश की भावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कहना न होगा कि डा.रमन सिंह के पहले कार्यकाल में दोनों मंत्रियों की गिनती पहले दूसरे क्रम पर होती थी,परंतु भाजपा सरकार की हैट्रिक बनने के बाद ये स्थिति नहीं रही। भाजपा की राजनीति में छत्तीसगढ़ में पिछले एक दशक से मुख्यमंत्री ही शक्ति पुंज और केंद्र हैं।