पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जन तंत्र के बीच गुनगुनाया गणतंत्र

जन-तंत्र के बीच गुनगुनाया गणतंत्र

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
आसमान पर शान से लहराते तिरंगे और जमी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ देशभक्ति गीत। यह नजारा था गणतंत्रदिवस समारोह का।शहर के स्कूल, कालेज, शासकीय व गैर शासकीय कार्यालयों व संस्थाओं में ध्वजारोहण किया गया।गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस मैदान में हुआ। यहां स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया।
पुलिस मैदान में जैसे ही स्कूलवार बच्चों की टोलियां उतरी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सम सामयिक घटनाओं पर आधारित नृत्य,नाटिकाओं का सिलसिला शुरू हो गया। अलग अलग थीम पर रंग बिरंगे पारंपरिक वेशभूषा में सजे धजे सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने जोश के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा तथा शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े। शासन की विभागीय झांकियों में कल्याणकारी योजनाओं के अतिरिक्त देश और समाज के प्रति शिक्षाप्रद नारों के जरिए जनजागरण का संदेश प्रदर्शित किया गया। समारोह में जिले के स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया गया।
मंत्री अग्रवाल ने स्वतंत्रता सेनानी भगवान दास टहलयानी, दयाराम कलवानी, नंदू भांगे और नक्सली घटनाओं में शहीद हुए 23 जवानों के परिजनों को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।




समारोह में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए देवकीनंदन स्कूल को प्रथम तथा शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बधितार्थ विद्यालय को द्वितीय पुरस्कार मिला। इनके अतिरिक्त शेष प्रतिभागी टीमों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। झांकी में प्रथम सेंट्रल जेल और द्वितीय स्थान एनटीपीसी को दिया गया। मार्चपास्ट में प्रथम पुरस्कार एनसीसी सीनियर बालिका और द्वितीय पुरस्कार केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सीपत को प्राप्त हुआ। आकर्षक मास पीटी के लिए शिक्षा विभाग को पुरस्कार दिया गया। नगर निगम द्वारा दिया जाने वाला 11 हजार रुपए का मेजर ध्यानचंद पुरस्कार तैराक कु. सारा जोशी और नि:शक्त तैराक द्वारिका प्रसाद जांगड़े को प्रदान किया गया। 2011 में उत्कृष्ट कार्य के लिए संयुक्त कलेक्टर ओपी वर्मा, नगर निगम के जुगल सिंह, अतिक्रमण निवारण दस्ते के प्रभारी प्रमिल शर्मा सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों को पदक प्रदान किया गया।



नृत्य में देवकीनंदन स्कूल प्रथम

पीटी से मैदान में बिखरी सतरंगी छटा, झांकियों में मनोरंजन के साथ शिक्षाप्रद नारों ने जगाया समाज सुधार का जज्बा

गणतंत्र दिवस - पुलिस मैदान में हुआ मुख्य समारोह, परेड की सलामी ली, स्कूली बच्चों ने किए नृत्य