- Hindi News
- नाकेबंदी से पहले चार्ज करने पहुंचे डहरिया
नाकेबंदी से पहले चार्ज करने पहुंचे डहरिया
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
आर्थिक नाकेबंदी के पहले शहर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को चार्ज किया। उन्होंने कहा कि 31 जनवरी को भाजपा सरकार के विरोध में सभी नेता, कार्यकर्ता, मोर्चा और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। उनकी अधिक से अधिक मौजूदगी से किसानों का खोया हुआ हक मिलेगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 31 जनवरी को होने जा रही आर्थिक नाकेबंदी की तैयारी को लेकर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं लोकसभा प्रभारी शिव डहरिया पहुंचे। दोपहर में उन्होंने जिला शहर अध्यक्ष रविन्द्र सिंह व जिला ग्रामीण अध्यक्ष अरूण तिवारी के साथ कांग्रेसियों की बैठक ली। कांग्रेस भवन में उन्होंने किसानों के साथ प्रदेश सरकार द्वारा धान के समर्थन मूल्य, मुफ्त बिजली, जमीन अधिग्रहण की नीति आदि के मामलों में की जा रही वादाखिलाफी और धोखाधड़ी के विरोध में आर्थिक नाकेबंदी के कार्यक्रम के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी मुख्य मार्गों में आर्थिक नाकेबंदी के लिए सभी तैयार रहे। सुबह 11 से शाम पांच बजे तक नाकाबंदी कर राज्य सरकार का ध्यान किसानों की समस्या की ओर आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान एम्बुलेंस, स्कूल बस सहित अन्य आवश्यक सेवा को मुक्त रखने की बात कही। बैठक में उपस्थित प्रदेश, जिला, शहर, ब्लाक कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित संबंधित क्षेत्र के विधायक प्रत्याशियों, कांग्रेस के सभी आनुषांगिक संगठनों सेवा दल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, इंटक के अलावा वर्तमान एवं पूर्व सांसद, विधायक, पार्षद आदि की समिति का सर्वसम्मति से निर्माण कर आर्थिक नाकेबंदी की जिम्मेदारी सौंपी गई। शहर के भीतर आने वाले सभी मार्गों पर नाकेबंदी के लिए जिला शहर, ग्रामीण, आनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों को निकटतम निर्धारित स्थानों पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
इस दौरान बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, प्रदेश सचिव शहजादी कुरैशी, राजेश पांडेय, भुवनेश्वर यादव, आशीष ठाकुर, शहर कांग्रेस प्रभारी महामंत्री अनिल सिंह चौहान, संजय साहू, पंचराम सूर्यवंशी आदि शामिल थे।
ये है प्रमुख मांगें: 2400 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत, सरकारी धान खरीद में परिवहन, तौल, बारदाना और भुगतान में किसानों को हो रही कठिनाइयों को दूर किया जाएं, 3880 करोड़ रुपए बकाया धान के बोनस की राशि दें, सिंचाई पंपों की बिजली मुफ्त दी जाए, पांच सालों में वसूली गई राशि किसानों को लौटाई जाए एवं घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दर आधी की जाएं।
किसान कांग्रेस पार्टी के साथ: डहरिया
कांग्रेस और किसान एक-दूसरे के साथ है। किसानों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बोनस को लेकर भाजपा ने किसानों के साथ वादाखिलाफी की। इसके विरोध में कांग्रेस 31 जनवरी को पूरे प्रदेश में आर्थिक नाकेबंदी करने जा रही है। ये बातें प्रदेश महामंत्री शिव डहरिया ने कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए धान का समर्थन मूल्य 2100 रुपए, बोनस के तीन सौ रुपए और नि: शुल्क बिजली की मांग को लेकर प्रदेश के सभी नेशनल हाईवे में आर्थिक नाकेबंदी की जा रही है। हालांकि आर्थिक नाकेबंदी को वे परिभाषित करने में असफल रहे लेकिन उन्होंने किसानों का साथ मिलने की बात जरूर कही। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ वादाखिलाफी नहीं होने दी जाएगी। भाजपा ने चुनाव जीतने के पहले किसानों को पांच हार्स पावर की बिजली मुफ्त में देने की घोषणा की लेकिन अभी तक आदेश भी नहीं हुआ है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी तरह की फुट नहीं है। जिला व ब्लाक अध्यक्ष के अलावा सभी विधायक, मोर्चा, संगठन के कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा सरकार का विरोध करेंगे।
प्रदेश महामंत्री ने ली कांग्रेस भवन में बैठक, एंबुलेंस और स्कूल बसों को नहीं रोकने के निर्देश