- Hindi News
- रेलवे की परीक्षा में अपनी जगह किसी और को बिठाया
रेलवे की परीक्षा में अपनी जगह किसी और को बिठाया
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
रेलवे की नौकरी के लिए परीक्षा में अपने स्थान पर किसी और को बिठाने का मामला सामने आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड के अफसरों ने दस्तावेजों की जांच के दौरान गड़बड़ी पकड़ी। आरोपी रित्युंजय राज को तारबाहर पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 420 का मामला दर्ज किया है।
रेलवे भर्ती बोर्ड बिलासपुर टेक्नीशियन सिग्नल ग्रेड-3 के 34 पदों पर भर्ती कर रहा है। इसके लिए 16 दिसंबर 2012 को लिखित परीक्षा ली गई थी। परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच सोमवार को हुई। आरआरबी के अफसरों ने एक युवक के हस्ताक्षर, फोटो और फिंगर प्रिंट्स में अंतर पाया। दरअसल लिखित परीक्षा के समय उम्मीदवारों के फिंगर प्रिंट्स के अलावा दस्तखत लिए जाते हैं। दस्तावेज जांच के दौरान उम्मीदवारों से दूसरी बार फिंगर प्रिंट्स और दस्तखत लिए जाते हैं। दोनों का मिलान करने पर असली और नकली का पता लग जाता है। सोमवार को भी यही हुआ और तारीघाट जिला गाजीपुर उत्तरप्रदेश निवासी रित्युंजय राज सिंह ((31)) का फर्जीवाड़ा सामने आ गया। उसका फिंगर प्रिंट्स लिखित परीक्षा के दिन वाले प्रिंट्स से मेल नहीं खा रहा था। इसी तरह दस्तखत भी अलग-अलग मिले। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह लिखित परीक्षा में बैठा ही नहीं था। उसके स्थान पर कोई और बैठा था, जिसकी जानकारी उसे नहीं है। उसने यूपी के उस गिरोह का सहयोग लिया, जो रेलवे परीक्षा पास कराने का दावा करता है। शेष पेज - १९
रित्युंजय गिरोह के दो सदस्यों को पहचानता है। उसने एक का नाम रमेश सिंह निवासी जमानिया, गाजीपुर तो दूसरे का नाम बबलू खान खीदीरपुर, गाजीपुर बताया है। इन दोनों सदस्यों को परीक्षा पास कराने के लिए 3 लाख रुपए दिए थे। बहरहाल रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरोपी को तारबाहर पुलिस के हवाले कर दिया है।
आरोपी रित्युंजय।
आरोपी ने जमा किए थे ये दस्तावेज।
दस्तावेजों की जांच के दौरान रेलवे भर्ती बोर्ड ने पकड़ी बड़ी गड़बड़ी, परीक्षा के लिए आवेदक ने दिए थे 3 लाख रुपए