- Hindi News
- ८५ मिलियन टन माल, ५१ लाख यात्रियों का परिवहन
८५ मिलियन टन माल, ५१ लाख यात्रियों का परिवहन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल का गणतंत्र दिवस कार्यक्रम डीआरएम कॉम्पलेक्स में हुआ। इसके मुख्य अतिथि डीआरएम अजय प्रताप सिंह थे। उनके अलावा अपर मंडल रेल प्रबंधक एचआर खांडेकर, मंडल सेक्रो की अध्यक्ष अनु सिंह सहित अधिकारी कर्मचारी व उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि डीआरएम सिंह ने सभी कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देने हुए एसईसीआर के जीएम का संदेश पढ़ा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर रेल मंडल में ने दिसंबर तक 85.50 मिलियन टन का माल तथा 3 करोड़ 51 लाख यात्रियों का परिवहन किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में माल लदान से 7 फीसदी, यात्री परिवहन से 25 फीसदी, पार्सल लदान से, 4 फीसदी, टिकट चेकिंग अभियान से 20 फीसदी एवं विज्ञापनों से 15 फीसदी अधिक आय अर्जित की है।
बिलासपुर मंडल का योगदान भारतीय रेल के कुल माल आय में 13 फीसदी का है। उन्होंने सभी विभागों को उनके कार्यों के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्यालय सहित सभी मंडलों पर 65वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम एनई इंस्टीट्यूट मैदान पर हुआ। यहां मुख्य अतिथि एसईसीआर के जीएम नवीन टंडन ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में जीएम ने आरपीएफ के जवानों, सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं, सेंट जांस एंबुलेंस, एनसीसी एवं स्काउट एंड गाइड के ट्रूपों के आकर्षक मार्च-पास्ट की सलामी भी ली।
इस अवसर पर जीएम टंडन ने उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज ही के दिन 1950 में राष्ट्र को गणतंत्र घोषित किया गया था। 160 वर्षों से भारतीय रेलवे ने निरंतर देश की राष्ट्रीय एकता, सामाजिक बदलाव एवं आर्थिक व्यवस्था को विकसित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ रखने में रेलवे की भूमिका महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका है। उन्होंने कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का संपूर्ण भारतीय रेलवे में एक विशिष्ट स्थान प्रारंभ से ही रहा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में दिसंबर 2013 तक हमनें 111 मिलियन टन से अधिक माल की ढुलाई की है, जो कि पिछले वर्ष की इसी अवधि में की गई ढुलाई से 1 मिलियन टन अधिक है। रेलवे में यात्री परिवहन भी काफी तेजी से विकसित हो रहा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के दिसंबर महीना तक एसईसीआर ने 10 करोड़ से भी अधिक यात्रियों को उनकी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 2 लाख यात्री अधिक है। समारोह में बच्चों के लिए फेंसी ड्रेस स्पर्धा भी हुई।
सुदृढ़ अर्थव्यवस्था में रेलवे की भूमिका महत्वपूर्ण: टंडन
एसईसीआर का कार्यक्रम एनई इंस्टीट्यूट में हुआ, जीएम टंडन ने किया ध्वजारोहण, गिनाईं उपलब्धियां, प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम