ट्रेलर की चपेट में आने से दो की मौत
बिलासपुर. २८ जनवरी २०१४. मंगलवार
सरपंच के कार्यों से नाराज ग्रामीणों ने ग्रामसभा में किया हंगामा
मैनपाट - विकासखंड के ग्राम पंचायत लुरेना में आयोजित ग्रामसभा में सरपंच के कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाया। शनिवार को ग्रामसभा में सरपंच फूलकुमारी के विरुद्ध ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। सरपंच पर शासकीय राशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि सरपंच ने पूरे गांव के विकास कार्य को ठप कर दिया है। मनरेगा के तहत बीते वर्ष सड़क निर्माण करने वाले मजदूरों को अब तक मजदूरी नहीं मिली है। ग्रामीण सोमारू यादव, मंगरू यादव, राजू यादव, दीप कुमार, गोपाल, किशुन यादव ने बताया कि पद का दुरुपयोग करते हुए सरपंच ने लाखों का गबन किया है। ग्राम सभा में हंगामा होने पर सरपंच-सचिव बीच सभा को छोड़ कर चले गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंप सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने निर्णय लिया है।
ताड़मेटला में शहीद हेमंत सिंह को दी श्रद्धांजलि
लखनपुर - ताड़मेटला के जंगल में नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए जगरमुंडा थाने में पदस्थ हेमंत सिंह मरावी को श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने जमगला प्राथमिक स्कूल में शिक्षा ग्रहण की थी। उसी स्कूल में उनके छायाचित्र पर माल्र्यापण कर उन्हें दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सरपंच सोनकुंवर, सचिव शिवनारायण, रामअवतार कुशवाहा, चरित्र सिंह, संजय साय, मुकेश साहू, रविंद्र सिंह, चंद्रिका यादव सहित अन्य उपस्थित थे।
होटल के किचन सुपरवाइजर ने की चोरी, सामान खरीदने ४० हजार रुपए लेकर निकाला था सुपरवाइजर
होटल से रुपए व बाइक लेकर फरार
अंबिकापुर - शनिवार को एक होटलकर्मी होटल से ४० हजार रुपए व बाइक लेकर फरार है। उसने सामान खरीदने होटल से रुपए लिए थे। जब वापस नहीं लौटा तो होटल प्रबंधक को पता चला। पहले तो उन्होंने अपने स्तर पर उसे तलाश किया पता नहीं चलने पर कल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि बिलासपुर निवासी रमजान खान होटल ग्रैंड बंसत में किचन सुपरवाइजर था। उसने छह महीने पहले ही काम संभाला था। शनिवार को सब्जी एवं अन्य सामान खरीदने उसने होटल से ४० हजार रुपए लिए। होटल की बाइक से वह सामान खरीदने के लिए दोपहर में निकला। इसके बाद वापस नहीं लौटा। प्रबंधक प्रावेश तिवारी ने होटल मालिक को सूचना दी। वे देर शाम तक उसका इंतजार करते रहे लेकिन वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने मोबाइल पर उससे संपर्क करने की कोशिश लेकिन मोबाइल भी बंद मिला। इसके बाद कल पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मामले में रमजान के खिलाफ धारा ३८१ के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस उसे तलाश रही है।
नए थाना भवन का उद्घाटन करते व रोजनामचे में संदेश लिखते गृहमंत्री रामसेवक पैकरा
आम जनता का पुलिस से हो जुड़ाव
गृहमंत्री ने किया नवीन पुलिस थाना भवन का लोकार्पण
बिश्रामपुर - गणतंत्र दिवस पर गृह, जेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा ने नवनिर्मित सर्व सुविधायुक्त पुलिस थाना भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पैकरा ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था को बनाए रखने की है। आमजनों का भी दायित्व बनता है कि कानून का पालन करें। बेहतर पुलिसिंग से अपराध में कमी लाई जा सकती है। पीडि़त को न्याय मिले और फरियादी की रिपोर्ट तत्काल लिखी जाए, तभी पुलिस की सार्थकता
साबित होगी।
गृहमंत्री ने कहा कि आम जनता से पुलिस का जुड़ाव हो ऐसा प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में एसपी एसएस सोरी ने कहा कि १९६५ से बिश्रामपुर में कोयला खदानों के प्रार्दुभाव के बाद सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने यहां चौकी खोली गई थी, जो एसईसीएल के क्वार्टर में संचालित थी। २४ अप्रैल १९९६ को चौकी को उन्नयन कर इसे थाने का दर्जा दिया गया। इससे पुलिस कार्य संचालन में बड़ी दिक्कतें आ रही थीं। अब स्वयं का सुव्यवस्थित थाना भवन बन जाने से पुलिस को कार्य करने में सहूलियत होगी। इस दौरान उन्होंने सूरजपुर पुलिस जिला गठन के बाद से पुलिस वालों के लिए पर्याप्त आवास न होने की जानकारी भी मंत्री को दी। इसके साथ ही उन्होंने खोह, लटोरी एवं मानी में पुलिस चौकी हेतु प्रस्ताव भेजने की बात कही। सभा को कलेक्टर एस भारती दासन, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय गोयल, पूर्व विधायक रेणुका सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में ग्राम रक्षा समिति के सछसयों को लाठी, टार्च, व्हीसील एवं परिचय पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर भीमसेन गोयल, एसईसीएल महाप्रबंधक एसके रानू, जनपद अध्यक्ष पुष्पा सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला यादव, चरण सिंह अग्रवाल आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एडिशनल एसपी मनीषा ठाकुर एवं आभार प्रदर्शन सीएसपी प्रफुल्ल किसपोट्टा ने किया।
कांग्रेसियों ने कार्यक्रम
का किया बहिष्कार
ग्राम सतपता में बने नवीन थाना भवन में लगे शिलापट्टी पर भटगांव विधायक का नाम नहीं लिखे होने से नाराज क्षेत्रीय विधायक समर्थकों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। भटगांव विधायक का नाम नहीं होने से प्रेमनगर विधायक भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। हालांकि शिलापट्टी पर प्रेमनगर विधायक का नाम था।
तैयारियों का जायजा लेते कलेक्टर व एसपी
कलेक्टर एवं एसपी ने मैनपाट में लिया तैयारियों का जायजा
मैनपाट कार्निवाल 31 से
भास्कर न्यूज - अंबिकापुर/मैनपाट
मैनपाट कार्निवाल का आयोजन 31 जनवरी से 2 फरवरी तक किया जाएगा। कलेक्टर आर प्रसन्ना व एसपी सुन्दरराज पी. सोमवार को वहां मोटल में तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि मैनपाट कार्निवाल में इस वर्ष स्थानीय लोक संस्कृति एवं लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ संगीत, नृत्य, कामेडी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कलाकारों के प्रदर्शन को उचित स्थान मिलेगा। राज्य, राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार कर ली गई है। एडवंचर स्पोर्ट्स का आयोजन कार्निवाल का मुख्य आकर्षण होगा। इनमें एटीव्ही, रिर्वर क्रासिंग पैरासिलिंग और पैराग्लायडिंग शामिल हैं। साथ ही डबल साइकिल रेस, टू व्हीलर, फोर व्हीलर रैली, स्टंट बाईक, पतंग प्रतियोगिता, फैशन शो, बाडी बिल्डिंग जैसे आयोजन
भी होंगे।
कार्निवाल का आयोजन मैनपाट कार्निवाल समिति के माध्यम से होगा। यह समिति ही स्थायी रूप से साल कार्निवाल का आयोजन करेगी। कलेक्टर ने इसकी रूप रेखा के संबंध में जानकारी दी। पर्यटकों और आमजनों के लिए बेहतर खान-पान सहित मनोरंजन की समुचित व्यवस्था के लिए फूड जोन की स्थापना की जा रही है। अस्थायी बार की भी व्यवस्था होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। कानिर्वाल के नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त आदिवासी ललित शुक्ला को नियुक्त किया गया है।
बेहतर होंगी सुविधाएं
कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष विगत वर्ष की अपेक्षा बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। स्थानीय नागरिकों एवं सैलानियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। अम्बिकापुर के कलाकेन्द्र से मैनपाट के लिए बस की सुविधा उपलब्ध होगी। फूड जोन के साथ ही दाल भात केन्द्र की स्थापना की जाएगी। पार्किंग की जिम्मेदारी स्थानीय ग्राम पंचायत की होगी। टू-व्हीलर्स के लिए 10 रूपए तथा फोर व्हीलर्स के लिए 20 रूपए प्रति गाड़ी शुल्क निर्धारित की गई है। नागरिकों की सुविधा के लिए नागरिक सूचना केन्द्र भी स्थापित की जाएगी। जहां पर संबंधित प्वांइट्स के संदर्भ में जानकारी दी जाएगी। स्ट्रीट लाईट की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
प्रायोजक आमंत्रित
मैनपाट कार्निवाल में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रायोजक आमंत्रित किए गए हैं। फूड जोन के लिए नि:शुल्क व्यवस्था की जा रही है। केटरिंग व होटल व्यवसायियों को भी अधिक से अधिक स्टाल लगाने आमंत्रित किया गया है।पर्यटन अधिकारी सौरभ वर्मा के मोबाइल नंबर 9300208677 से सम्पर्क किया जा सकता है।
स्टेज व पंडाल की तैयारी को अंतिम रूप
कार्निवाल को यादगार बनाने के लिए इस बार भव्य स्टेज व डोम का निर्माण किया जा रहा है। स्टेज लगभग 20 ग् 56 वर्ग फीट तथा डोम 90 ग् 150 वर्ग फीट का होगा। जिसमें लगभग 3000 कुर्सियां लगेंगी। इसके अलावा विभागीय योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले स्टाल भी लगाए जाएंगे। लोगों को ठंड से राहत देने के लिए विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाए जाएंगे। बैठक में सहायक कलेक्टर अभिजीत सिंह, अनुविभागीय अधिकारी सीतापुर ज्योतिप्रकाश कुजूर, तहसीलदार शंकरलाल सिन्हा सहित संबंधित अधिकारी,ं सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
शहर में कोयला परिवहन में शामिल वाहनों से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन सख्त, वाहनों की गति कम करने और चालकों पर दबाव नहीं बनाने के निर्देश
बैठक में विभिन्न संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा करते कलेक्टर, एसपी व महापौर
भास्कर न्यूज - अंबिकापुर
शहर के रास्ते कोयला परिवहन में शामिल वाहनों से दुर्घटना होने पर संबंधित कंपनी के जीएस के साथ ट्रांसपोर्टर पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सोमवार को इस सिलसिले में कोयला कंपनियों, ट्रांसपोर्टर, ट्रक और ट्रेलर मालिकों को बैठक में सभी को इससे से अवगत करा दिया गया। कलेक्टर आर प्रसन्ना और एसपी सुंदराज पी ने कहा है कि अब कोई बहाना नहीं चलेगा। परिवहन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और रिंग रोड पर दबाव कम करने के लिए मोटर गैरजों को ट्रांसपोर्टनगर में शिफ्ट करने के सुझाव दिए गए हैं। फरवरी तक इस पर अमल करने को कहा गया है।
रविवार को गणतंत्र दिवस के दिन रिंग रोड में कोयला परिवहन में शामिल एक ट्रेलर की ठोकर से दो युवकों की मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद उत्पन्न हुई स्थिति को देखते हुए सोमवार को बैठक हुई। जनप्रतिनिधियों के अलावा, ट्रांसपोर्टर, ट्रक, ट्रेलर मालिकों के अलावा अदानी और एसईसीएल प्रतिनिधियों ने अपना पक्ष रखा। कंपनियों को छोड़कर लगभग सभी ने एक स्वर में शहर के रास्ते कोयला परिवहन बंद किए जाने की मांग की। महापौर ने कहा कि शहर के रास्ते कोयला परिवहन बंद किया जाना चाहिए। समस्या लगातार बढ़ रही है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि लोगों की जान से खिलवाड़ हो रहा है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं लेकिन उसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सुबह साढ़े छह बजे से रात नौ बजे तक शहर के रास्ते कोयला परिवहन बंद रखने का का सुझाव देते हुए अमल नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी।
ट्रक मालिक संघ के संभागीय अध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने कहा कि समस्या के लिए जिम्मेदार सभी पहलुओं पर ध्यान देना होगा। शहर के रास्ते कोयला परिवहन जब शुरू हो रहा था तब ट्रक मालिकों की ओर से इस पर आपत्ति जताई गई थी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से ट्रकों के आवाजाही बढऩे से खतरा बढ़ गया है। स्कूल, कालेज वाले क्षेत्र भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ट्रांसपोर्टरों द्वारा मुनाफा के लिए ड्राइवरों पर दबाव बनाया जाता है। परिवहन के हिसाब से ड्राइवरों को प्रति ट्रिप के हिसाब से कमिशन दिया जाता है। ट्रेलरों से दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही हैं। एक ट्रेलर में एक ही चालक रहता है। इससे चालक को सोने का समय नहीं मिलता। दुघर्टनाओं के पीछे यह भी एक बड़ा कारण है। लाइसेंस की जांच होनी चाहिए। यह भी देखना चाहिए कि चालक नशेड़ी तो नहीं है। अधिवक्ता जीपी श्रीवास्तव और अरविंद सिंह गप्पू ने परिवहन बंद करने और रिंग रोड की मरम्मत कराए जाने की मांग की। कुछ ट्रांसपोर्टरों ने शहर के बाहर सांडबार बैरियर के पास से मनेंद्रगढ़ मार्ग को जोडऩे वाली पीएमजीएसवाई तथा एक अन्य कच्ची सड़क के रास्ते परिवहन शुरू करने का सुझाव दिया। चर्चा के बाद कलेक्टर ने कहा कि फरवरी तक शहर के रास्ते परिवहन की व्यवस्था रहेगी लेकिन टाइम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सुबह साढ़े छह बजे से ११ बजे तक और दोपहर साढ़े तीन बजे से रात आठ बजे तक परिवहन बंद रहेगा। मार्च से वैकल्पिक मार्ग चालू करने और शहर में सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए। रिंग रोड में संचालित गैरेजों को १५ फरवरी तक ट्रांसपोर्टनगर में शिफ्ट करने को कहा गया। अदानी ट्रांसपोर्टनगर में सड़क के लिए दो करोड़ रुपए देगी। वैकल्पिक मार्ग के निर्माण अदानी और एसीईसीएल मिलकर कराएगी। शहर के अच्छे ठेकेदारों के माध्यम से सड़क बनाई जाएगी। ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने शहर के साथ-साथ लखनपुर और उदयपुर क्षेत्र में भी इस समस्या पर ध्यान दिलाया। बैठक में यातायात प्रभारी ददन पाठक, भाजपा नेता भारत सिंह सिसोदिया, कांग्रेस नेता बाबू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
३१ जनवरी तक काम शुरू
नहीं हुआ तो खदान बंद
कलेक्टर ने अदानी कंपनी द्वारा शहर में ट्रैफिक सिगनल नहीं लगाने और मल्टी परपज स्कूल के नए भवन का काम नहीं शुरू कराने पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने खनिज अधिकारी को ३१ जनवरी तक काम शुरू नहीं कराने पर खदान बंद कराने के निर्देश दिए।
दुर्घटना हुई तो जीएम और ट्रांसपोर्टर पर एफआईआर
ञ्च नाराज लोगों ने शव रख कर
रिंग रोड में किया चक्काजाम
अंबिकापुर - हादसों के रिंग रोड में गणतंत्र दिवस के दिन फिर दो लोगों की मौत हो गई। दर्रीपारा के पास रिंग रोड में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे रिंग रोड में करीब तीन घंटे आवागमन ठप रहा। लोगों की मांग थी कि रिंग रोड में कोल परिवहन बंद हो। बाद में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव के हस्तक्षेप के बाद लोग शांत हुए। श्री सिंहदेव ने कलेक्टर से मोबाइल पर इस संबंध में बात की। कलेक्टर द्वारा मांगों पर बैठक बुलाकर सभी पक्षों के साथ मांगों पर चर्चा किए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों चक्काजाम समाप्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम सरना निवासी अमरपाल पिता वीर सिंह कंवर २० वर्ष अपने चचेरे भाई कुंवर साय पिता मंगल साय १७ वर्ष के साथ रविवार को गणतंत्र दिवस की परेड देखने अंबिकाुपर बाइक से आया था। परेड देखने के बाद दोनों दोपहर करीब दो बजे बाइक से ग्राम लब्जी जाने के लिए निकले। दोनों बिलासपुर चौक से लब्जी जाने के लिए रिंग रोड में प्रतीक्षा बस स्टैंड के जा रहे थे। दर्रीपारा के जेजे हास्पीटल के पास उन्होंने ट्रेलर क्रमांक सीजी १५ एसी- ११०७ को ओवरटेक कर आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रेलर के पीछे के चक्के की चपेट में आ गए। दोनों सड़क पर फेंका गए। ट्रेलर का चक्का उनके सिर पर चढ़ गया और मौके पर ही दोनों मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर खड़ी कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। तब लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे का विभत्स रूप देखकर लोग आक्रोशित हो गए। नाराज लोगों ने रिंग रोड में चक्काजाम कर पुलिस को शव ले जाने से मना कर दिया।
तीन घंटे आवागमन रहा बंद
आक्रोशित भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर रिंग रोड में चक्काजाम कर दिया। लोगों का कहना था रिंग रोड में आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन कोल परिवहन बंद कराने प्रशासन द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। लोगों की मांग थी कि भारी वाहनों के आवागमन के लिए शहर के बाहर से कोई वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए। इससे हादसे कम होंगे। इस बीच एडिशनल एसपी वेदव्रत सिरमौर, एसडीएम भगवान सिंह उइके पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइने की कोशिश की लेकिन मांग उन्होंने मांग पूरी हुए बिना शव ले जाने से मना कर दिया। इस बीच नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव पहुंचे। लोगों की मांगों से उन्होंने सहमति जताई। उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की। श्री सिंहदेव ने मोबाइल पर कलेक्टर आर प्रसन्ना से लोगों की मांगों से अवगत कराते हुए रिंग रोड पर हैवी ट्रैफिक को बंद कराने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि लोगों की मांगों पर तत्काल कोई पहल नहीं की गई वे खुद धरने पर बैठ जाएंगे। कलेक्टर द्वारा सोमवार को बैठक बुलाकर सभी पक्षों से चर्चा कर कोई उपाय निकालने का आश्वासन दिया गया। फिर श्री सिंहदेव की पहल पर लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने भी राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस द्वारा पंचनामा कर शव को पीएम के लिए भिजवाया गया।
रिंग रोड में बढ़ रहे हादसे
एक महीने के भीतर ही रिंग रोड में कई हादसे हो चुके हैं। बौरीपारा के पास ही अलग-अलग हादसे में एक स्कूली छात्रा एवं एक महिला की पिछले दिनों मौत हो गई थी। छात्रा को ट्रैक्टर ने टक्कर मारा था, जबकि महिला को ट्रक ने रौंद दिया था। इसके बाद बंगाली चौक के पास ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो लोग घायल हो गए थे। बिलासपुर चौक के पास बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें दर्जनभर लोग घायल हो गए थे।
रिंग रोड में दर्रीपारा के पास हादसा, ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर ने बाइक में सवार चचेरे भाइयों को रौंदा
अलग-अलग हादसे में दो की मौत
एमजी रोड में आनंदनगर के पास अनियंत्रित बाइक खड़े ट्रक से टकराई, सूरजपुर पचिरा के पास बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल
अंबिकापुर - संभाग में बीते २४ घंटे के दौरान हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई एवं एक सवार घायल हो गया। पहली घटना में नगर से लगे मनेंद्रगढ़ रोड में आनंदनगर के पास तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। दूसरी घटना में सूरजपुर जिले के ग्राम पचिरा के पास बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत हो गई एवं एक सवार घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मामले में अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि रविंद्रनगर निवासी भवतोश पिता संतोष ३० वर्ष सेंट्रिंग का काम करता है। शनिवार की देर शाम बाइक में अंबिकापुर आने के लिए घर से निकला। वह आनंदनगर पहुंचा था। इसी दौरान शैल गिरी होटल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक मेें पीछे से जा टकराया। तेज टक्कर से वह सड़क पर गिर गया। उसे अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइबर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। दूसरी घटना रविवार को सूरजपुर जिले के ग्राम पचिरा के पास हुई। तेज रफ्तार बोलेरो के ड्राइवर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि हल्दीबाड़ी चिरमिरी निवासी प्रीतम सिंह पिता फेंकू राम २० वर्ष अपने दो साथियों के साथ बाइक में कल सूरजपुर पचिरा जा जा रहा था। वह ग्राम पचिरा के पास पहुंचा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बोलेरो के ड्राइवर ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर फेंका गए। तीनों को पास के अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने प्रीतम को मृत घोषित कर दिया। एक युवक को मामूली चोट आने से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया। तीसरे युवक का एक पैर टूट गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फंडा यह है कि...
किसी भी मुश्किल परिस्थिति से आपको सिर्फ एक विशेषज्ञ ही निकाल सकता है। क्योंकि ऐसी कई चीजें होती हैं जो आपकी समझ से परे होती हैं। लिहाजा, ऐसे मौकों पर उनकी सलाह जरूर लेनी चाहिए।
मुश्किल हालात से सिर्फ विशेषज्ञ ही आपको
बचा सकता है
आप अपने बालों से तभी तक प्यार कर सकते हैं जब तक वे आपके सिर पर हैं। लेकिन एक बार वे काट दिए जाते हैं तो आप उन्हें पसंद नहीं करते। यहां तक कि एक बाल भी अगर शर्ट पर चिपका रह जाए तो आप तुरंत उसे हटा देना चाहते हैं। यानी यह मानने में किसी को कोई हर्ज नहीं होगा कि कोई भी अपने बैग में बहुत ज्यादा मात्रा में कटे हुए बाल लेकर यहां-वहां नहीं जा सकता। या अपने पास रख नहीं सकता। बेंगलुरू के एक पुलिस स्टेशन वालों ने भी उस रोज कुछ इसी तरह की थ्योरी पर सोचा था। दरअसल, वहां दक्षिण अफ्रीकी नागरिक इक्वे बैसिल शिकायत लेकर पहुंचा था। शिकायत ये थी कि उसके घर से किसी ने इंसान के बालों से भरा बैग चुरा लिया है। इस बैग में करीब 40 किलो बाल थे। पुलिस वाले शिकायत सुनकर भौंचक थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि कोई इंसान के बाल क्यों चुराएगा? तभी उन्हें याद आया कि नाकाबंदी के दौरान उन्हें एक ऑटो वाला मिला था। उसका असलम नाम था। उसने ऑटो में ढेर सारे इंसान के बाल रखे हुए थे। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह नाई का काम भी करता है। और वह इन बालों को फेंकने जा रहा है। पुलिस ने उसकी बात मान ली और उसे जाने दिया। जब तक बैसिल पुलिस स्टेशन नहीं आया था तब तक पुलिस अफसरों और जवानों को इंसानी बालों की अहमियत पता ही नहीं थी। असलम ने उन्हें बताया कि वह इन बालों का निर्यात करता है। दुनिया में भारत के बालों की काफी डिमांड है। तब पुलिस को माजरा समझ आया।
लेकिन अब बैसिल की समस्या सुलझाने के लिए पुलिस क्या करती? उसने जुगत लगाई। हेयर एंड ब्यूटी इंडस्ट्री के एक विशेषज्ञ को बुलाया। उससे इस क्षेत्र विशेष के बारे में पहले पूरी जानकारी ली। तब उन्हें पता चला कि भारत के बालों को विग और चोटी आदि बनाने के लिहाज से काफी अच्छा माना जाता है। अफ्रीका और पश्चिम के देशों में इनकी काफी मांग है। विशेषज्ञ ने यह भी बताया कि दो तरह के बाल होते हैं। एक-रैमी हेयर। दूसरा-नॉन रैमी हेयर। रैमी हेयर वे होते हैं जो मंदिरों आदि से इकट्ठे किए जाते हैं। इनमें क्यूटिकल ((बालों के साथ त्वचा का हिस्सा भी)) सलामत होता है। इसलिए ये सबसे अच्छे माने जाते हैं। नॉन रैमी हेयर वे होते हैं जो नाई की दुकानों आदि से इकट्ठे किए जाते हैं।
चूंकि भारत के मंदिरों में मुंडन कराने की परंपरा आम है। इसलिए यहां रैमी हेयर भी आसानी से और बहुतायत मिल जाते हैं। ये बाल आसानी से 15 से 25,000 रुपए प्रति किलो तक बिक जाते हैं। बालों की लंबाई के आधार पर भी कीमत निर्भर करती है। जबकि नॉन रैमी हेयर 5,000 रुपए प्रति किलो तक ही बिकते हैं। और किसी को भी जानकर यह अचरज होगा कि भारत में बालों का यह उद्योग करीब 2,500 करोड़ रुपए सालाना का हो चुका है। पुलिस के सामने वह विशेषज्ञ एक के बाद एक तथ्य बताए जा रहा था। और उन्हें जानने के बाद पुलिस को अब बैसिल की शिकायत की गंभीरता नजर आने लगी थी। यही नहीं वह इस चोरी के पीछे की कहानी को भी समझने की कोशिश कर रही थी।
उसने तुरंत ऑल इंडिया ह्यूमन हेयर एक्सपोर्टर एसोसिएशन के लोगों से संपर्क किया। इस एसोसिएशन की हमेशा से शिकायत रही है कि सरकार बालों की तस्करी रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। एसोसिएशन के लोगों ने बताया कि बालों की तस्करी आम तौर पर म्यांमार की सीमा से होती है। उन लोगों ने और भी कई जानकारियां दी। पुलिस को अब तक यकीन हो गया कि दक्षिण भारत में बालों की तस्करी का बड़ा नेटवर्क हो सकता है। हालांकि अब तक उन्हें ये अहसास नहीं था कि इस नेटवर्क का केंद्र बेंगलुरू में ही होगा। जांच धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी। अगले दिन टैक्सी ड्राइवर असलम को पुलिस ने ढूंढ निकाला। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थोड़ी सख्ती में ही उसने पूरा सच बयां कर दिया।
मैनेजमेंट फंडा
एन. रघुरामन
न्यूज़ इनबॉक्स