लिपिक नहीं मानते कलेक्टर का आदेश
- पखवाड़ेभर बाद भी नहीं लिया प्रभार
- डेढ़ साल में चौथी बार बदला गया प्रभार
भास्कर न्यूज. बिलासपुर
कलेक्टर के आदेश के पखवाड़ेभर बाद भी लिपिकों ने अपनी नई जगह पर काम करना शुरू नहीं किया है। हद तो यह है कि अधिकांश ने ज्वाइनिंग तक नहीं दी है। हालांकि आदेश की अनदेखी का यह पहला मामला नहीं है लेकिन 21 में से किसी भी कर्मचारी के आदेश का पालन नहीं करने को गंभीरता से लिया जा रहा है।
कलेक्टोरेट में लिपिकों के टेबल बदले गए हैं। 10 जनवरी को प्रशासनिक कसावट के लिए एडिशनल कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने कलेक्टर के निर्देश पर आदेश जारी कर 21 लिपिकों के प्रभार बदले। आदेश में उन्होंने लिपिकों से कहा है कि वे अपनी जगह पर आने वाले कर्मचारी का इंतजार किए बगैर नया प्रभार लें। कलेक्टर के आदेश के बावजूद 21 में से अधिकांश ने ज्वाइनिंग देना भी जरूरी नहीं समझा है जबकि किसी ने भी काम करना शुरू नहीं किया है। लिपिकों को कलेक्टर के फरमान की चिंता नहीं है। उन्हें इस बात की भी परवाह नहीं है कि उनके नई जगह पर ज्वाइन नहीं करने से काम प्रभावित हो रहा है। इधर लिपिकों द्वारा चार्ट तैयार करने का बहाना बनाया जा रहा है। वहीं यह भी चर्चा है कि कुछ लिपिकों ने ज्वाइन करने की बात कही है लेकिन वे आते नहीं है। प्रशासनिक कसावट के उद्देश्य से प्रभार बदलने के आदेश पर लिपिक पानी फेर रहे हैं। इस बार 21 में से 13 महिला कर्मचारी है जबकि 8 पुरुष। विधानसभा चुनाव के पहले 27 सितंबर को कलेक्टोरेट के 13 लिपिकों का प्रभार और टेबल बदला गया था। तब कई लिपिकों ने तो 15 से 20 दिनों बाद ज्वाइनिंग दी थी। इससे पहले 12 अक्टूबर 2012 में 17 लिपिकों के टेबल बदले गए तो नियमों के पालन में चूक होने,कम अनुभवी कर्मचारी को महत्वपूर्ण पदों का जिम्मा देने के साथ ही एप्रोच और लेन देन के आधार पर टेबल बदलने की चर्चा सरगर्म रही। कुल मिलाकर कर्मचारियों के प्रभार में बदलाव यहां पिछले डेढ़-दो सालों से विवादित रहा है।
इनके प्रभार बदले गए
शिव कुमार कश्यप रीडर एडिशनल कलेक्टर को जिला नाजिर, खाद्य शाखा के लिपिक ओपी तिवारी को तहसील कार्यालय बिलासपुर, जिला नाजिर दिलीप सिल्लेदार को अपर कलेक्टर का रीडर, नजूल अधिकारी के रीडर ज्ञानाराम वर्मा को रीडर कलेक्टर, प्रेमलता शुक्ला को सांख्य लिपिक से राजस्व आंकिक/तबाकी, उषा वाजपेयी राजस्व आंकिक को भू बंटन, सुशीला श्रीवास्तव को स्थानीय निर्वाचन से सूचना का अधिकार, प्रसन्ना अवस्थी को जनसंपर्क शाखा से सांख्य लिपिक, जयश्री पथे को भू-बंटन से अपर कलेक्टर का रीडर-2, कमला पंसारी सूचना का अधिकार को हिंदी अभिलेख कोष्ठ, सुधा सी नायर को अपर कलेक्टर का रीडर-2 से अंग्रेजी अभिलेख कोष्ठ में ज्वाइन करने कहा गया है। इसी तरह भू-अर्जन शाखा से प्रमोद दुबे को नजूल अधिकारी का रीडर, कलेक्टर के रीडर जगदीश श्रीवास को खाद्य शाखा, सुधा शुक्ला को अंग्रेजी अभिलेख कोष्ठ से सूचना का अधिकार, दुर्गेश श्रीवास्तव को प्रपत्र शाखा से जनसंपर्क शाखा/रीडर सिटी मजिस्ट्रेट, गोपीचंद चौहान को तहसील कार्यालय बिलासपुर से भू-अर्जन शाखा, मेवालाल वस्त्रकार स्टेनो टायपिस्ट अपर कलेक्टर से शिकायत/लोक आयोग, अशोक कश्यप को स्टेनो शाखा से सहायक रीडर कलेक्टर, इंद्राणी तिवारी को उप तहसील सकरी से राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा और कैलाश इंगले राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा को सहायक अधीक्षक सामान्य के सहायक के रूप में ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए है।