- Hindi News
- सिलोशन सूंघने के विवाद में हत्या, उम्रकैद
सिलोशन सूंघने के विवाद में हत्या, उम्रकैद
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
अदालत ने हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास व 5000 रुपए जुर्माने की सजा दी है। घटना 9 माह पहले कोनी थानांतर्गत पौंसरा गांव में हुई थी। सिलोशन सूंघने के विवाद में ग्रामीण ने फरसी से मारकर अपने साथी की हत्या कर दी। मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश गौतम चौरडिय़ा की अदालत में हुई।
20 वर्षीय आरोपी विनोद सूर्यवंशी कोनी थानांतर्गत पौंसरा उक्ती पारा का रहने वाला है। घटना 13 अपै्रल 2013 की है। आरोपी विनोद गांव के कान्हा सिंह पिता बलराम सिंह ठाकुर, बंटी यादव व गुड्डू यादव के साथ पौंसरा में चौहान डबरी के पास बकरियां चरा रहा था। आरोपी विनोद व मृतक कान्हा सिंह सिलोशन का नशा करते थे। बकरियां चराने के दौरान वे सामूहिक रूप से सिलोशन सूंघ रहे थे। कान्हा 2 से 4 बार सूंघता था, जबकि विनोद को एक ही मौका देता था। इस बात पर विनोद भड़क गया। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान विनोद ने फरसी से मारकर कान्हा सिंह की हत्या कर दी। घटना पर परदा डालने के लिए विनोद ने कान्हा की लाश को गमछे से लपेटकर खींचते हुए चौहान डबरी में डाल दिया। लाश को छिपाने के लिए उस पर घास और झाडिय़ां डाल दी। गड्ढा खोदकर फरसे को भी वहीं गड़ा दिया। मामला खुलने पर पुलिस ने विनोद सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश गौतम चौरडिय़ा की अदालत ने विनोद सूर्यवंशी को भादवि की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास व 4000 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। साथ ही धारा 201 के तहत 4 साल सश्रम कारावास व 1000 रुपए जुर्माने की सजा दी है। जुर्माना नहीं पटाने पर आरोपी को 3 माह व 1 माह
अतिरिक्त सश्रम कारावास का आदेश दिया गया है।
गवाहों को जान से मारने की धमकी: घटना के समय गांव के बंटी यादव और गुड्डू यादव भी मौके पर मौजूद थे। वे साथ में बकरियां चरा रहे थे। सब कुछ उनके सामने हुआ, लेकिन वे इतनी दहशत में थे कि विनोद का विरोध नहीं कर सके। किसी को इस घटना के बारे में बताने पर आरोपी विनोद ने उन्हें जान से मार डालने की धमकी दी थी। इससे वे खामोश रहे।
बकरा चोरी पर रंजिश: हत्या की घटना से कुछ माह पहले आरोपी विनोद ने कान्हा के पिता बलराम का बकरा चुराकर खा लिया था। पता चलने पर उनके बीच विवाद हुआ। बलराम सिंह ने विनोद के पिता से बदले में दूसरा बकरा वसूल कर लिया था। आरोपी इस बात से भी कान्हा व उसके पिता से रंजिश रखता था।