पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • छेड़छाड़, युवक को 3 साल की सजा

छेड़छाड़, युवक को 3 साल की सजा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
फास्ट ट्रैक कोर्ट ने छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले युवक को 3 साल सश्रम कारावास व 5000 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। घटना 5 माह पहले सरकंडा क्षेत्र में हुई थी। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश ((लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम)) एवं अपर सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी की अदालत में हुई।
आरोपी युवक जिम्मी उर्फ जिमेश सूर्यवंशी पिता आनंद ((साढ़े 18 वर्ष)) सरकंडा चिंगराज पारा का रहने वाला है। घटना 26 अगस्त 2013 की है। कक्षा 11 वीं की 17 वर्षीय छात्रा दोपहर 3 बजे अपनी सहेलियों के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। जिमेश सूर्यवंशी अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से पीछा करते हुए पहुंचा। उसने देवन चाल के पास सरेराह छात्रा से बलपूर्वक छेड़छाड़ किया। आसपास के लोगों ने इस हरकत का विरोध करते हुए युवकों को दौड़ाया। जिमेश व उसके साथी भाग निकले। छात्रा ने घर पहुंचकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। घटना की रिपोर्ट पर सरकंडा पुलिस ने युवकों के खिलाफ धारा 354 घ, 34 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। इस मामले में अदालत ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 8 के तहत जिमेश सूर्यवंशी को 3 साल सश्रम कारावास व 5000 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माने की रकम नहीं पटाने पर आरोपी को 6 माह अतिरिक्त सश्रम कारावास का आदेश दिया गया है। मामले में शासन की ओर से लोक अभियोजक नरेश सिंह ने पैरवी की। आरोपी के साथी युवक पर अपराध साबित नहीं होने के कारण उसे अदालत ने उसे बरी कर दिया।
गिरफ्तारी में लगा दिए 22 दिन
छेड़छाड़ की घटनाएं और लैंगिक अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। किशोरी-महिलाओं व परिजनों की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है। वे शारीरिक-मानसिक रूप से प्रभावित और प्रताडि़त हो रहे हैं। समाज भी ऐसी घटनाओं से शर्मशार हो रहा है। ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अदालत कड़ा रुख अपना रहा है। पीडि़त को न्याय दिलाने मामले की शीघ्रता से सुनवाई की जा रही है, दोषी को दंडित किया जा रहा है। दूसरी तरफ पुलिस अब भी पुराने ढर्रे पर चल रही है। ऐसे मामलों को लेकर पुलिस जरा भी गंभीर नजर नहीं आती। यह मामला इसका ताजा उदाहरण है, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस को 22 दिन लगे। 17 सितंबर को आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी।