- Hindi News
- रोड के अवैध ठेले, नर्सरी हटाई जाएगी देवकीनंदन स्कूल के सामने असमाजिक तत्वों का जमघट छात्राओं से
रोड के अवैध ठेले, नर्सरी हटाई जाएगी- देवकीनंदन स्कूल के सामने असमाजिक तत्वों का जमघट- छात्राओं से छींटाकशी की शिकायतों पर बिफरे निगम कमिश्नर
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
देवकीनंदन स्कूल से चौक तक चाट-पकोड़े, फल आदि के ठेलों के जमघट और असामाजिक तत्वों द्वारा छात्राओं से छींटाकशी की शिकायतों को नगर निगम कमिश्नर ने गंभीरता से लिया है। कमिश्नर अवनीश कुमार शरण ने इस चौराहे के अलावा सीएमडी कालेज चौक से लेकर बस स्टैंड रोड की अवैध नर्सरी व ठेलों को हटाने के निर्देश दिए हैं।
पुराने बस स्टैंड रोड पर अवैध नर्सरी तथा ठेले, देवकीनंदन चौक व स्कूल के पास चाट व फल ठेले वर्षों से लग रहे हैं। इससे ट्रैफिक प्रभावित होने तथा स्कूली बच्चों की परेशानियां बढ़ती ही जा रही हैं। कमिश्नर ने उक्त स्थानों पर अवैध ठेले, नर्सरी हटाने के साथ ही साथ भवन शाखा को शहर में बिना अनुमति अवैध निर्माण के मामलों में कार्रवाई करने कहा है।अतिक्रमण निवारण दस्ते को ठेले जब्त करने कहा गया है।
नगर निगम की मंगलवार को आयोजित टील मीटिंग में राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने संपत्तिकर, बाजार, लाइसेंस एवं जल विभाग को वसूली में तेजी लाने के लिए शिविर आयोजित करने कहा। नगर निगम द्वारा संचालित सामुदायिक भवनों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए गणतंत्र दिवस से शुरू किए लिए डे-केयर सेंटर की व्यवस्था चाक चौबंद करने उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।
राजीव प्लाजा के सामने स्लैब नहीं ढला, एई को फटकार
पुराने बस स्टैंड स्थित राजीव प्लाजा के सामने नाली के ऊपर स्लैब ढालने के काम में हो रही लेटलतीफी को लेकर कमिश्नर का गुस्सा असिस्टेंट इंजीनियर आरएस चौहान पर उतरा। एई को कुछ माह पहले इन नालियों को स्लैब से ढंकने के लिए कहा गया था, परंतु स्लैब की ढलाई अब तक नहीं की गई। इससे बाजार पहुंचने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।व्यापारियों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की थी। कमिश्नर ने इस कार्य को शीघ्र पूरा कराने कहा है।
अधूरे काम पूरा कराने पर जोर
13वें वित्त आयोग के अंतर्गत सॉलिड वेस्ट मेनेजमेंट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, सिटी सेनिटेशन प्लान, डाटा सेंटर के शेष कार्य, नाला निर्माण सहित अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया। इसी प्रकार राजकिशोर नगर में निरस्त की गई 10 गुमटियों के पुर्नआवंटन, सकरी में हरशृंगार योजना, इमलीभाठा में नई गुमटी तैयार कर आवंटन की कार्यवाही करने कहा गया है। जोरा पारा तालाब की सफाई के संबंध में वार्डवासियों की शिकायत पर जोरापारा तालाब की सफाई कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
शहर की सड़कों से अवैध ठेले व नर्सरी हटाई जाएगी
देवकीनंदन स्कूल के सामने असमाजिक तत्वों का जमघट, छात्राओं से छींटाकशी की शिकायतों पर बिफरे निगम कमिश्नर