ओम ने जीता विनीत कप
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
ओम इलेवन ने बर्फानी इलेवन शहडोल को 26 रन से हराकर उषा देवी भंडारी स्मृति फ्लड लाइट विनीत कप क्रिकेट स्पर्धा जीत ली है। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि सक्ती विधायक खिलावन साहू एवं विशिष्ट अतिथि आदित्य अग्रवाल व प्रिंस भाटिया थे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया।
उषादेवी भंडारी स्मृति रात्रिकालीन टेनिस बाल क्रिकेट स्पर्धा विनीत कप के तीसरे साल का विजेता होने का गौरव शहर की टीम ओम इलेवन के खाते में गई है। फाइनल मुकाबला ओम इलेवन और बाबा बर्फानी क्लब शहडोल के मध्य खेला गया। टास की प्रकिया अतिथि के रूप में आए प्रिंस भाटिया ने पूरी कराई। ओम इलेवन ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरे ओम इलेवन के बल्लेबाजों मे दिलीप और सुमीत ने शानदार पारी खेली। सुमीत ने 4 गगन चुंबी छक्के व 5 चौके के साथ 19 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। बबलू ने 4 छक्कों के साथ 23 गेंदों में 32 रन बनाए। इस तरह बाबा बर्फानी क्लब शहडोल के लिए 124 रनों का लक्ष्य रखा। शहडोल इलेवन की ओर से शरद ने 3, नजीर ने 2 विकेट व उमेश ने एक विकेट लिए। बल्लेबाज नजीर ने 16 गेंदों मे 25 रन, शरद ने 10 गेंदों में 21 रन और चुनमुन ने 13 गेंदों में 12 रन बनाए। 98 रन बनाकर पूरी टीम आल आउट हो गई। इस तरह ओम इलेवन ने फाइनल मैच 26 रनों से जीत लिया। ओम इलेवन के गेंदबाज बिरजू ने 3, एटी ने 2 तथा दिलीप ने एक विकेट लिए। मैच के मैन आफ द मैच 19 गेंदों में 51 रन बनाने वाले ओम इलेवन के सुमीत को दिया गया। पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि सक्ती विधायक खिलावन साहू ने आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि समिति खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करें। ऐसे बड़े आयोजनों से ही खिलाडिय़ों में खेल भावना बनाए रखने में मदद मिलेगी। विशिष्ट अतिथि आदित्य अमर अग्रवाल, प्रिंस भाटिया, विजय ताम्रकार, सुशील अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, महेश चंद्रिकापुरे, वी रामाराव, संजय यादव, भास्कर यादव, मणिशंकर सोनी, नरेंद्र कछवाहा, चंद्रप्रकाश मिश्रा, डा. कोर्राम, डा. नायडू, डा. महाजन, डा. संदीप तिवारी, डा. प्रशांत द्विवेदी एवं अन्य अतिथियों सभी ने आयोजन की सराहना की।