- Hindi News
- सुरक्षा बल अपनी भूमिका को समझें: जीएम टंडन
सुरक्षा बल अपनी भूमिका को समझें: जीएम टंडन
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
ट्रेन के सफर में आम यात्रियों के लिए आरपीएफ सबसे अहम है। जवानों को इस बात का भान रहना चाहिए और यात्री सुरक्षा के लिए हर स्तर पर तत्पर रहना चाहिए। महाप्रबंधक नवीन टंडन ने अपराध संगोष्ठी में उक्त बातें कही और आरपीएफ जवानों का मनोबल बढ़ाने पर
जोर दिया।
जोनल भवन के सभाकक्ष में मंगलवार को अपराध संगोष्ठी का आयोजन हुआ। सुबह 10:30 बजे से शुरू हुई संगोष्ठी में महाप्रबंधक नवीन टंडन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे। उन्होंने आरपीएफ की समस्या और जोन में होने वाले अपराधों पर चर्चा करने के बाद अपना उद्बोधन दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि ट्रेन के सफर में आम यात्री के लिए दो लोग महत्वपूर्ण होते हैं। एक टीटीई और दूसरा आरपीएफ का जवान। यात्री को समस्या होगी तो वह टीटीई के पास जाएगा, लेकिन असुरक्षा का आभाष होगा तो आरपीएफ जवानों को तलाशेगा। ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों को इस बात का ज्ञान होना चाहिए कि उनकी भूमिका क्या है और यात्रियों को उस पर कितना भरोसा है। महाप्रबंधक ने मौजूद आरपीएफ अफसरों को दो टूक कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
यह भी कहा कि अफसरों को ख्याल होना चाहिए कि किसी भी शर्त में जवानों का मनोबल न गिरे। इसके लिए जवानों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। संगोष्ठी में महाप्रबंधक को जवानों की कमी के चलते होने वाली परेशानियों की जानकारी दी गई। संगोष्ठी में मुख्य सुरक्षा आयुक्त एसके सिन्हा, अपर मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद, बिलासपुर मंडल वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त बी रामाकृष्णा, रायपुर मंडल के सुरक्षा आयुक्त अनूप शुक्ला, नागपुर मंडल सुरक्षा आयुक्त डीबी गौर, सहायक सुरक्षा आयुक्त बिलासपुर एम वासु सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
महिला यात्रियों की सुरक्षा पर दिया जोर
मनोबल बनाए रखने की भी नसीहत