- Hindi News
- आबकारी एक्ट में गिरफ्तारी हुई सेप्टिक से मौत
आबकारी एक्ट में गिरफ्तारी हुई सेप्टिक से मौत
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तारी के 13 दिनों बाद पति की मौत को लेकर पत्नी ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी मौत सेप्टिक ((संक्रमण)) से हुई थी। याचिका में पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा गया है प्रताडऩा की वजह से उसके पति की मौत हुई।
हाईकोर्ट ने गृह सचिव, कोरबा एसपी और आबकारी विभाग से जवाब मांगा है।
जमनीपाली कोरबा की रहने वाली रामबाई गोस्वामी ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। इसमें कहा गया है कि उसके पति राम केशव गोस्वामी को आबकारी एक्ट के तहत 1 अक्टूबर 13 को गिरफ्तार किया गया था। उसे पुलिस ने 14 अक्टूबर को जानकारी दी कि उसके पति को इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स में भर्ती कराया गया है। वह उसी दिन सिम्स पहुंची, लेकिन यहां उसके गंभीर होने और अपोलो हास्पिटल रेफर करने की जानकारी दी गई। अपोलो हास्पिटल पहुंचने पर पता चला कि उसके पति की मौत हो चुकी है।
डाक्टरों ने सेप्टिक की वजह से मौत होने की जानकारी दी। याचिका में उसने कहा है कि उसके पति को कोई बीमारी नहीं थी, पुलिस की प्रताडऩा के चलते उनकी मौत हो गई। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने गृह सचिव, कोरबा एसपी और आबकारी विभाग को नोटिस जारी किया है।