- Hindi News
- अंडरग्राउंड सीवरेज के लिए खोदी गईं सड़कों पर फिलिंग सही कराएं
अंडरग्राउंड सीवरेज के लिए खोदी गईं सड़कों पर फिलिंग सही कराएं
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
लोक निर्माण विभाग बिलासपुर जोन के चीफ इंजीनियर एस के शर्मा ने नगर निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर सीवरेज लाइन के लिए खोदे गए गड्ढों के खराब रेस्टोरेशन पर नाराजगी जताते हुए सही फिलिंग कराने को कहा है। पत्र की कॉपी पीडब्ल्यूडी मंत्री, स्थानीय मंत्री, कलेक्टर व कमिश्नर को भेजी है।
लिंक रोड में श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ पर पानी का पाइप लाइन फूटते ही पानी सड़क के भीतरी भाग में समाने लगा। इस पानी की वजह से सीवरेज की खुदाई के बाद किए गए रेस्टोरेशन की पोल खुल गई। पानी अंदर जाते ही मिट्टी धंसने के साथ ही सड़क भी धंस गई। इस सड़क का डामरीकरण पीडब्ल्यूडी ने करवाया है। सड़क धसने से नाराज लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि सीवरेज के लिए खोदे गए गड्ढों का घटिया रेस्टोरेशन से हादसा हो सकता है। वर्तमान में जहां पर भी इस तरह की खुदाई की जा रही है वहां पर रेस्टोरेशन में रेत का इस्तेमाल करें और उसे भी लेयर में भराई करें। एक लेयर रेत डालने के बाद उसमें अच्छे से पानी भरा जाए और रोलिंग की जाए तब रेस्टोरेशन सही होगा।
रेत फिलिंग से पहले सीवरेज के लिए बिछाए जा रहे पाइप लाइन के ज्वांइट्स को भी सभी तरीके से सीमेंट से भरा जाए। ऐसा नहीं होने पर पाइप लाइन के लीकेज होने पर सड़क हमेशा ही बैठती रहेगी। उन्होंने निगम आयुक्त से कहा कि नगर निगम के जो भी अधिकारी इस काम में लगे हैं उन्हें सही तरीके से काम करने की हिदायत दें। चीफ इंजीनियर शर्मा ने पत्र का प्रतिलिपि पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अमर अग्रवाल के अलावा संभागीय कमिश्नर एवं कलेक्टर को भेजी है।
पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर ने लिखा निगम आयुक्तको पत्र