पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गांवों में भी लग सकेगी एटीएम, एटीपी मशीन

गांवों में भी लग सकेगी एटीएम, एटीपी मशीन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बिलासपुर. नेशनल आप्टिक फाइबर नेटवर्क ((एनओएफएन)) का विस्तार जल्द ही गांवों तक होगा। इससे गांवों में भी च्वाइस सेंटर, एटीएम, एटीपी मशीन सहित अन्य कंप्यूटरीकृत सुविधाएं शुरू हो सकेंगी। ग्रामीण इंटरनेट के जरिए सीधे विश्व के कोने-कोने से जुड़ सकेंगे। छत्तीसगढ़ में इसकी शुरुआत अंबिकापुर से हो रही है। बिलासपुर संभाग के 25 ब्लाकों में मार्च से ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम शुरू होगा।

छत्तीसगढ़ के गांव जल्द ही देश-विदेश से ऑनलाइन जुड़ जाएंगे। केंद्र सरकार की योजना के तहत जल्द की गांवों में आप्टिक फाइबर केबल बिछाने का काम शुरू हो रहा है। मार्च तक इसके पहले चरण का काम पूरा होना था, लेकिन टेंडर में देर होने से यह टल गया। संभाग के चार जिलों बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, मुंगेली के 25 ब्लाकों में केबल बिछाने की स्वीकृति मिली है। प्रक्रिया पूरी होते ही जैजैपुर, मुंगेली, कटघोरा व गौरेला-1 में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। केंद्र सरकार की इस योजना को तीन कंपनियां बीएसएनएल, रेलटेल व पावर ग्रिड मिलकर काम करेंगे।




पंचायत भवन में लगेगा सेटअप

बीएसएनएल के डिवीजनल इंजीनियर फोंस एसआर वाशिंग ने बताया कि योजना के अंतर्गत अंडरग्राउंड केबल की जगह ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाए जाएंगे। इसके जुडऩे से गांवों का संपर्क विश्वभर में होगा। गांवों में इसका सेटअप पंचायत प्रतिनिधियों की देखरेख में पंचायत भवन में लगाया जाएगा।



ऐसे बढ़ेंगी जनसुविधाएं

नेशनल ऑप्टिक फाइबर नेटवर्क की सुविधा से गांव ब्लाक से और ब्लाक जिले से जुड़ सकेंगे। ब्राडबैंड नेटवर्किंग से शहरों की तर्ज पर गांवों में भी च्वाइस सेंटर खुलेंगे और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार होगा। एटीएम व एटीपी मशीनें लगाई जा सकेंगी। ग्रामीण बेरोजगार घर बैठे इंटरनेट आदि के जरिए रोजगार ढूंढ सकेंगे। मजदूरी का भुगतान ऑनलाइन हो सकेगा। इसी तरह केंद्र व राज्य सरकार के विभागों से गांवों में चल रहीं योजनाओं की मॉनिटरिंग आसान होगी।

गांव पहुंचेगी बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा, शहरों की तरह रहेगी ऑनलाइन सर्विस, मार्च से बिछाए जाएंगे ऑप्टिकल फाइबर केबल