पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राशनकार्ड न बांटने वाला सचिव सस्पेंड

राशनकार्ड न बांटने वाला सचिव सस्पेंड

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
जरूरतमंदों को राशनकार्ड नहीं बांटकर आलमारी में रखने वाले पंचायत सचिव अशोक दुबे को जिला पंचायत सीईओ ने निलंबित कर दिया। जब्त राशन कार्डों की जांच में उसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत दोषी पाया गया है। नायब तहसीलदार ने कलेक्टर के निर्देश पर मामले की जांच की थी।
४ जनवरी को कलेक्टर ठाकुर राम सिंह मातहत अधिकारियों के साथ मतदाताओं के नाम जोडऩे व हटाने के लिए ली जा रही अर्जियों की स्थिति का जायजा लेने निकले थे। इस दौरान वे बेलतरा विधानसभा के ग्राम लिंगियाडीह के स्कूल में बने बूथ नंबर 178 से 194 में पहुंचे। वहां उन्हें एक कमरे में करीब एक हजार राशनकार्ड पड़े मिले। आचार संहिता के बाद भी पंचायत की आलमारी में राशन कार्ड रखने पर कलेक्टर ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्डों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए कहा। उन्होंने राशन कार्डों से खाद्यान्न उठाव की आशंका जताते हुए ऐसा होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने मामले की जांच का जिम्मा नायब तहसीलदार जय उरांव को सौंपा। उरांव ने मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपी, जिसमें सचिव अशोक दुबे को दोषी पाया गया। सचिव को निलंबित कर दिया गया है, वहीं फूड कंट्रोलर जीएस पैकरा को पात्र परिवारों को कार्ड बांटने के निर्देश दिए गए हैं।




...और भी हैं दोषी

लिंगियाडीह में ही 27 अक्टूबर 2013 को करीब 150 मतदाता परिचय पत्र नाले के पास लावारिस हालत में पड़े मिले। तब कुछ लोगों ने कार्डों में पंचायत के लोगों की तस्वीर पहचान कर सरपंच और सचिव पर कार्ड जान-बूझकर फेंकने का आरोप लगाया था। राशनकार्डों को लेकर भी ग्रामीण अधिकारी-कर्मचारियों की मिलीभगत को कारण बता रहे हैं। उनका कहना है कि एक बार फिर छोटे कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई। दरअसल, लिंगियाडीह के सरपंच, सचिव के साथ ही यहां के प्रभारी फूड इंस्पेक्टर की मिलीभगत के चलते राशन कार्ड नहीं बंटे थे। वे अपने ही लोगों को कार्ड दे रहे थे। विरोधी या शिकायत करने वालों को इससे वंचित रखा जा रहा था। गड़बड़ी में फूड इंस्पेक्टर से लेकर पंचायत तक दोषी है, लेकिन सचिव को निलंबित कर मामले को निपटाने की कोशिश शुरू हो गई है।



लिंगियाडीह पंचायत भवन से कलेक्टर ने जब्त किए थे एक हजार कार्ड



॥इस मामले में पंचायत सचिव को निलंबित किया गया है। फूड कंट्रोलर को राशनकार्ड वितरण कराने के लिए कहा गया है।ञ्जञ्ज

जय उरांव, नायब तहसीलदार