रतनपुर, बिल्हा तक चलाई जाएंगी सिटी बसें
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
नगर विधायक एवं मंत्री अमर अग्रवाल द्वारा शहर में 50 नई सिटी बसें चलाने की घोषणा पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने अमल शुरू कर दिया है। केंद्र सरकार की जेएनएनयूआरएम योजना के अंतर्गत प्रदेश के 52 शहरों के 22 क्लस्टर के लिए सिटी बसें चलाने की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है। इसमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव के साथ बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-नैला एवं अंबिकापुर नगर निगम भी शामिल हैं। शहर से रतनपुर, बिल्हा तक सिटी बसें चलाई जाएंगी।
बिलासपुर में वर्तमान में 14 सिटी बसें चलाई जा रही हैं। 50 नई सिटी बसों का विस्तार मुख्य रूप से रतनपुर, तिफरा, सकरी एवं बिल्हा तक किया जाएगा। इससे इन मार्गों से जुड़े गांवों का बिलासपुर से सीधा संपर्क आसान हो जाएगा। नगर निगम कमिश्नर अवनीश कुमार ने बताया कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर नई सिटी बसों के संचालन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अधीक्षण अभियंता सुधीर गुप्ता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
35 सीटर सिटी बसें चलेंगी
शहर में 50 नई सिटी बसों के संचालन के लिए 35 सीटर बसों का उपयोग किया जाएगा। नोडल अधिकारी गुप्ता ने बताया कि ये बसें योजना के अंतर्गत एक स्टेप फ्लोर की होंगी, यानी कि इसमें सवार होने के लिए लोगों को आसानी होगी। इसके अतिरिक्त ये बसें पर्यावरण प्रदूषण के मापदंडों के अनुरूप होंगी। सूडा के सीईओ डा.रोहित यादव ने सिटी बस योजना के क्रियान्वयन के लिए एमआईसी से प्रस्ताव पारित कर सूडा, रायपुर को शीघ्र भेजने कहा है। इसके आधार पर शासन स्तर पर नई बसों की खरीदी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए राशि केंद्र सरकार से प्राप्त होगी और इसमें राज्य शासन तथा नगरीय निकाय की भी हिस्सेदारी होगी।
शहर में 50 नई सिटी बसें चलाने की मंत्री की घोषणा पर अमल शुरू, शहर में फिलहाल चल रही हैं १४ सिटी बसें