सत्य और अहिंसा पर चलने का संकल्प
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
महात्मा गंाधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को शहर के स्कूल कॉलेजों में कार्यक्रम कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सत्य, अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। जिला कांग्रेस ने गांधी चौक पर बापू के प्रिय भजन गाकर देश के लिए उनके योगदान, त्याग, समर्पण को याद किया।
गांधी चौक में कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के जिला शहर अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने कहा कि देश ही नहीं दुनिया को अहिंसा, सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा की शक्ति बताने वाले बापू की प्रासंगिकता बढ़ते अराजकता के दौर में प्रासंगिक है। प्रदेश कांग्रेस सचिव शहजादी कुरैशी, पूर्व प्रदेश सचिव शिवा मिश्रा, पूर्व शहर अध्यक्ष विश्वंभर गुलहरे, वरिष्ठ कांग्रेसी चंद्रप्रकाश देवरस ने कहा बापू ने सभी मानव एक समान की क्रांति लाई। जिला शहर कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री अनिल सिंह चौहान व महामंत्री गजेंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ कांग्रेसी माधव चिंतामन ओत्तलवार, डॉ. बद्री जायसवाल ने महात्मा गांधी को देश की आजादी और मानव समाज की स्थापना का अद्वितीय नायक बताया।
गांधी प्रतिमा चौक पर कांग्रेसियों ने गाए भजन, बापू के आदर्शों को बताया प्रासंगिक
राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर गुरुवार को कई कार्यक्रम हुए। गांधी चौक पर कांग्रेसियों ने उन्हें याद किया। लर्नर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में नाटक का मंचन करते बच्चे।
कुष्ठ रोगियों की सेवा सभी का दायित्व
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, जिला स्वास्थ्य समिति, कुष्ठ समिति एवं जिला कुष्ठ कार्यालय ने राष्ट्रीय कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम एवं एंटी लेप्रोसी डे कैंप में कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने कहा कुष्ठ रोगियों की सेवा हमारा नैतिक दायित्व है। कुष्ठ बस्ती के लिए योजना बनाई गई है। पूरी बस्ती का योजनाबद्ध ढंग से विकास किया जाएगा। कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ी है। लोग परीक्षण एवं इलाज के लिए स्वयं आते हैं। सीएमओ डॉ. अमर सिंह ठाकुर ने कुष्ठ पखवाड़ा व कुष्ठ निदान के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर आईएमए के अध्यक्ष डा. एलसी मढ़रिया, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. आगरे, डॉ. संदीप तिवारी, डॉ. एसके वर्मा, डॉ. आरती पाण्डेय, डॉ. आशुतोष तिवारी आदि उपस्थित थे।
स्कूल में नाटक का मंचन
कासिमपारा के लर्नर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में केजी टू के बच्चों ने बापू को एक कविता ‘बापू तुझे शत शत प्रमाण’ अर्पित की। स्कूल की टीचर मालती शुक्ला ने बापू के जीवन पर प्रकाश डाला। केजी वन के बच्चों ने लघु नाटिका ‘मां खादी की चादर दे दो’ अभिनीत की। क्लास वन के बच्चों ने ‘बापू तू महान, जय-जय हिन्दुस्तान’ गीत गाकर बापू को नमन किया। क्लास टू थ्री के बच्चों ने भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाया।
दलितों का किया उद्धार
कमिश्नर कार्यालय में मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कमिश्नर एस एल रात्रे ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य-अहिंसा के माध्यम से आंदोलन कर देश को आजाद कराया। उन्होंने अनुसूचित जातियों के उद्धार के लिए भी काम किया। इस अवसर पर उपायुक्तजी किंडो, पीडी झा, अधीक्षक कुंती गढ़ेवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बापू सेवा समिति करेगी प्रतिमा
की देखभाल
नगर के युवा समाज सेवियों ने बैठक कर गांधी प्रतिमा के रखरखाव के लिए ‘बापू सेवा समिति’ नामक समिति का गठन किया गया। अखिलेश गुप्ता ने कहा गांधी चौक में प्रशासन की उदासीनता के कारण प्रतिमा की साफ-सफाई नहीं की जाती है। कभी भी कोई भी व्यक्ति, संस्था या राजनीतिक पार्टी अपने निजी प्रचार के लिए बापू की प्रतिमा को अपने विज्ञापन या बैनर से घेर देते हैं। अब समिति बापू की प्रतिमा के पास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने देगी तथा प्रतिमा की देखरेख करेगी। इस मौके पर प्रदीप राजगीर, विकास सोनी, ब्रजेंद्र शुक्ला, अनुपम सिंह, नासीर खान, योगेश बोले, सचिन अग्रवाल, मनीष शर्मा, अखिलेश गुप्ता आदि उपस्थित थे।
पुण्यतिथि पर याद किए गए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, स्कूल-कालेजों में भी हुआ आयोजन