डेंटल क्लीनिक की जांच शुरू
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
नर्सिंग होम एक्ट के तहत स्थायी रजिस्ट्रेशन के लिए डेंटल क्लीनिक ((दांत के अस्पतालों)) की जांच शुरू हो गई है। गुरुवार को शहर के 10 क्लीनिक का इंस्पेक्शन किया गया। जांच टीम को 23 क्लीनिक के इंस्पेक्शन का जिम्मा दिया गया है। तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देनी है।
नर्सिंग होम एक्ट के तहत शहरी डायग्नोसिस सेंटरों ((पैथोलैब, सोनोग्राफी, एक्स-रे)) की जांच पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही गुरुवार से डेंटल क्लीनिकों का इंस्पेक्शन शुरू हो गया है। डॉ. मैनी, डेंटिस्ट ((जिला अस्पताल)), डॉ. जी प्रभाकर नायडू, नेत्र रोग ((जिला अस्पताल)), डॉ. एसएस भाटिया, आर्थो ((जिला अस्पताल)) व डॉ. ओंकार सिंह ((जिला आयुर्वेद अस्पताल)) की टीम को 23 डेंटल क्लीनिकों की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। टीम को 3 दिनों के भीतर इंस्पेक्शन कर रिपोर्ट देनी है। टीम ने राजेंद्र नगर चौक से लेकर मुंगेली नाका, तेलीपारा व बृहस्पति बाजार इलाके की डेंटल क्लीनिक का इंस्पेक्शन किया। इस दौरान कई क्लीनिक में एक्ट के तहत निर्धारित स्पेस 200 वर्गफीट से कम जगह मिली।