सहमति से ढहाई विवादित दीवार
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
इमलीपारा के लोगों की सहमति से गुरुवार को निरंकारी भवन के बाजू कांक्रीट सड़क पर निकासी रोकने के लिए बनाई गई दीवार अंतत: निगम अमले ने ढहा दी। बुधवार को दीवार ढहाने के लिए मौके पर पहुंचे निगम अमले का वार्ड पार्षद सहित महिलाओं ने विरोध किया था, परंतु आज कमिश्नर अवनीश कुमार शरण के सामने इस मामले में नागरिकों ने दो टूक शब्दों में कहा कि दीवार ढहाने पर उन्हें कोई एतराज नहीं है।
इमली पारा में कांक्रीट सड़क पर दीवार उठाने से निस्तारी बाधित होने की शिकायत विमल जाजोदिया ने शासन की हेल्प लाइन ‘निदान 1100’ को शिकायत की थी। हालांकि दीवार को लेकर करीब सालभर से गतिरोध चल रहा था। एमआईसी मेंबर तैयब हुसैन दीवार ढहाने के खिलाफ थे और बुधवार को उन्होंने निगम की कार्रवाई के विरोध माहौल खड़ा किया। हंगामे और घंटों बहस के बाद पुलिस बल के साथ पहुंचे निगम अमले ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई स्थगित कर दी थी। पार्षद ने इस मामले में मुहल्ले के लोगों का पक्ष सुनने की गुहार की थी, जिस पर कमिश्नर ने आज वहां के लोगों को विकास भवन बुलवाया था।वार्ड के 4-5 नागरिकों ने कमिश्नर से मिलकर साफ कहा कि दीवार ढहाने के मामले में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद इस मामले में पार्षद अलग थलग पड़ गए और दोपहर 1 बजे के करीब निगम अमले ने इमली पारा की दीवार ढहा दी। कार्रवाई के दौरान विरोध के लिए कोई नहीं आया। बताया जाता है कि प्रकरण के शिकायतकर्ता विमल जाजोदिया ने दीवार ढहाने की एवज में पार्षद पर पैसा मांगने का आरोप लगाया था। कमिश्नर ने इसकी जांच के लिए डिप्टी कमिश्नर को नियुक्त किया है।
मामले की जांच जारी है।
नूतन चौक की 15 झुग्गियां हटाईं
निगम अमले ने आज नूतन चौक पर नाला निर्माण में बाधक 15 अवैध झुग्गी झोपडिय़ों को हटा दिया। झुग्गीवासियों को आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत निर्मित पक्के मकानों में शिफ्ट किया गया है। नूतन चौक पर करीब 250 और झुग्गियां हटाई जानी है, जिसके लिए निगम बड़ी कार्रवाई के मूड में है। बताया जाता है कि नूतन चौक के अधिकांश झुग्गीवासियों ने पुनर्वास योजना के प्रति सहमति जताई है।
कमिश्नर के सामने इमलीपारा के नागरिकों ने सहमति जताई