कांग्रेस का चक्काजाम आज
आर्थिक नाकेबंदी के तहत बिलासपुर रोड में कांग्रेसी करेंगे चक्काजाम
अंबिकापुर - प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्यव्यापी आर्थिक नाकेबंदी के आह्वान पर नगर में कांग्रेसजन बिलासपुर रोड पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। कल ३१ जनवरी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विरोध प्रदर्शन के क्रम में सभी ब्लॉक मुख्यालयों में चक्काजाम कर आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी।
आर्थिक नाकेबंदी की तैयारियों को अंतिम रूप देने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. प्रेमसाय सिंह की उपस्थिति में गुरुवार को कांग्रेस की संभागीय बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय कोठी घर में हुई। बैठक में सभी ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने ब्लॉक में निर्धारित स्थानों पर चक्काजाम कर धान खरीदी का बकाया बोनस 3880 करोड़ रुपए किसानों को देने, मौजूदा वर्ष में भाजपा की घोषणा अनुरूप 2100 रुपए प्रति च्ंिटल धान खरीदने और 300 रुपए बोनस देने, किसानों के सिंचाई पंप का बिजली बिल माफ करने से संबंधी ज्ञापन राज्यपाल को प्रेषित करने को कहा गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने पदाधिकारियों को तैयारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आर्थिक नाकेबंदी से मरीजों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं घरेलू गतिविधियों के लिए निकलने वाले लोगों को छूट दी गई है। बैठक में लोकसभा चुनाव के संबंध में प्रत्याशी चयन पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर बलरामपुर जिलाध्यक्ष महेश्वर पैकरा, लखनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंहदेव, जेपी श्रीवास्तव, रिपुजीत सिंह, केपी सिंहदेव, संध्या रवानी, संध्या रमावत, कंचन सोनी, जिला पंचायत सदस्य मधु सिंह, सरिता पाण्डेय, वित्तबाला मलतियार, रेवती सिंह, हरिहर यादव, रामेश्वर अग्रवाल, प्रदीप वर्मा, अनुपम फिलिप, मधु दीक्षित, प्रमोद चौधरी, मदन जायसवाल, निरंजन राय, अनिमेश सिन्हा, टीएन सिंह, परवेज खान, आजाद असलम, अजय सिंह, आलोक सिंह, विष्णु सिंहदेव सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।