- Hindi News
- एक लाख के जेवर के साथ दो आरोपी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े
एक लाख के जेवर के साथ दो आरोपी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े
भिलाई - उमरपोटी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर से एक लाख के जेवर चोरी करने वाले दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने धर दबोचा। इसके बाद आरोपियों को उतई पुलिस के हवाले किया गया। जिन्हें बाद में कोर्ट ने जेल भेज दिया। क्राइम ब्रांच के अजय सिंह के मुताबिक घटना 17 जनवरी को दिन की है। महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता योगेश्वरी जांगड़े निवासी भाठापारा उतई रोड उमरपोटी घर के सामने दरवाजे में ताला लगाकर चाबी को पास के ही खिड़की के चौखट के पीछे रखकर ड्यूटी चली गई। गांव के ही युवक सत्यजीत उर्फ सुधीर पिता शिव टंडन अपने साथी यशवंत सतनामी पिता कल्याण टंडन के साथ मकान पर नजर रखे हुए थे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के जाते ही आरोपियों ने मौके से चाबी निकाली और ताला खोल मकान में प्रवेश किया। आलमारी की चाबी खोजने में भी उन्हें खास मशक्कत नहीं उठाई पड़ी। चाबी सामने दीवार पर लटकी हुई थी। आलमारी खोल कर उसमें रखे करीब एक लाख के सोना-चांदी के जेवर निकाले और चंपत हो गए। शाम को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई।
उतई थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया। स्थानीय पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच भी आरोपी की तलाश कर रही थी। पूछताछ के दौरान सत्यजीत व यशवंत सतनामी की भूमिका संदिग्ध नजर आई। इसके बाद उनसे क्राइम ब्रांच ने उनसे पूछताछ की। उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर उनके घरों से जेवर बरामद किए गए।