- Hindi News
- सेक्टर 9 हॉस्पिटल में नर्सों के व्यवहार की शिकायत, व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं
सेक्टर-9 हॉस्पिटल में नर्सों के व्यवहार की शिकायत, व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं
भिलाई - स्टील एम्पलाइज यूनियन ((इंटक)) के रैपिड एक्शन सेल के प्रभारी निर्मल के नेतृत्व में सेल के सदस्य सेक्टर-9 हॉस्पिटल के एच-0 से एच-5 तक के सभी वार्डों में जाकर मरीजों से मिले एवं उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इंटक यूनियन ने बी.एस.पी. कर्मचारियों की समस्याओं की जानकारी हेतु एक अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत यूनियन के रैपिड एक्शन सेल के सदस्यों ने सेक्टर-9 हॉस्पिटल का दौरा किया जहां मरीजों एवं उनके परिजनों ने डॉक्टर सहित ड्रेसर एवं नर्स द्वारा मरीजों से ठीक व्यवहार नहीं करने की शिकायत की। कुछ मरीज लेबर रूम में नर्सों द्वारा मरीजों से दुव्र्यवहार करने की शिकायत की। बर्न यूनिट के मरीजो को एच-3 एवं एच-5 में शिफ्ट किया जाता है, लेकिन वहां बर्न पेशेंट के लिए नर्सिंग स्टाफ की कमी है। कुछ मरीजों ने शिकायत की कि नवजात शिशु को इंजेक्शन लगाने के लिए नर्स बच्चों को अपने पास मंगवाती है जो कि बच्चा एवं मां के लिए तकलीफदायक है। वहीं कुछ मरीजों ने शिकायत की कि खाना वितरण की व्यवस्था उचित नहीं है। वहीं खाना पहुंचाने वाले स्टाफ ने बताया कि किचन इंचार्ज द्वारा जिस स्टाफ से खाना बनवाया जाता है वही व्यक्ति 8 वार्डों में खाना भी पहुंचाता है, जिससे उनके ऊपर काम का बहुत दबाव रहता है। सेल के सदस्यों ने देखा कि वार्ड एच-5 की खिडकियां टूटी हुई है एवं आईसीयू के वेटिंग हाल का नल टूटा हुआ है। सेल के प्रभारी निर्मल मिश्रा ने कहा कि आईसीयू के वेटिंग हाल को बड़ा करने की जरूरत है।
उन्होंने सभी समस्याओं की जानकारी यूनियन के महासचिव एसएम पांडेय को दी। श्री पाण्डेय जल्द ही उच्च प्रबंधन से इन समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।