- Hindi News
- समापन पर निकली जैन मुनियों की शोभायात्रा
समापन पर निकली जैन मुनियों की शोभायात्रा
सिटी रिपोर्टर - भिलाई
वैशाली नगर के दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे पंच कल्याणक महोत्सव का समापन गुरुवार को जैन मुनियों की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। समारोह में गृह मंत्री राम सेवक पैकरा, भाजपा संगठन मंत्री सौदान सिंह व केबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय शामिल होकर आचार्य विशुद्ध सागर का आर्शीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुनिश्री ने मंदिर में 24 जिन प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की। महोत्सव के अंतिम दिन मोक्ष कल्याणक के अवसर पर आचार्य श्री विशुद्ध सागर ने कहा कि ग्रंथों एवं पुस्तकों में ज्ञान नहीं होता। पुस्तकों और ग्रंथों से सीखा जा सकता है किंतु ज्ञान तो अंतस से ही आता है। उन्होंने लोगों से अपने चित्त पर लगाम लगाने का आह्वान किया। अरविंद जैन सतभैया, कोजड़मल लुहाडिय़ा, किशोर बडज़ात्या, सुरेन्द्र, प्रदीप जैन बाकलीवाल आदि मौजूद थे।
रथ में थे सवार
समापन के अवसर पर वैशाली नगर में हाथी व घोड़ों से सजे रथ में सवार जैन मुनियों व इंद्र-इंद्राणियों की शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र से आए सकल दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान केबिनेट मंत्री पाण्डेय ने सम्मिलित होकर आचार्य विशुद्ध सागर को श्रीफल भेंटकर आर्शीर्वाद लिया। उन्होंने जैन मुनियों के भिलाई आगमन से यहां के युवाओं को सही व संस्कारीय दिशा मिलने की बात कही। शोभायात्रा के दौरान जगह जगह विभिन्न समाज के लोगों ने मंदिर में प्रतिष्ठित भगवान की पूजा अर्चना की।
पंच कल्याणक महोत्सव के समापन पर जैन मुनियों की शोभायात्रा निकाली गई।